(विशेष संवाददाता)
जौनपुर.
भगवान श्री जगन्नाथ रथयात्रा महोत्सव का रविवार को धार्मिक विधि-विधान और पारंपरिक अनुष्ठानों के साथ समापन हो गया। चार दिनों तक चले इस धार्मिक उत्सव के अंतिम दिन श्रद्धालुओं की भारी भीड़ प्रभु के दर्शन एवं पूजन के लिए मंदिर परिसर में एकत्र हुई।
समारोह की शुरुआत सुबह प्रभु जगन्नाथ, उनके अग्रज भगवान बलभद्र एवं बहन देवी सुभद्रा के षोडशोपचार पूजन से हुई, जिसे आचार्य डॉ. रजनीकांत द्विवेदी ने संपन्न कराया।

वैदिक मंत्रोच्चार और महाआरती के पश्चात भगवान को कढ़ी-भात, मौसमी सब्जियों, मालपुआ तथा शाही खीर का विशेष भोग अर्पित किया गया।
पूजनोत्सव के उपरांत विशाल ‘कढ़ी-भात’ भंडारे का औपचारिक शुभारंभ मुख्य अर्चक पंडित दिनेश चंद्र द्विवेदी द्वारा किया गया। दिनभर चले इस महाप्रसाद वितरण अभियान में शहर के सामाजिक, राजनीतिक और प्रशासनिक क्षेत्रों से जुड़ी प्रमुख हस्तियों समेत हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।
रथ यात्रा समिति के पदाधिकारियों तथा मंदिर ट्रस्ट के प्रतिनिधियों ने आयोजन को सफल बनाने के लिए सभी कार्यकर्ताओं और नगरवासियों का आभार व्यक्त किया। इसके साथ ही इस वर्ष के चार दिवसीय वार्षिक रथोत्सव का शांतिपूर्ण एवं भव्य समापन हुआ।




