Fastblitz 24

कुलपति प्रो. वंदना सिंह का ‘पूर्वांचल माटी सम्मान’ से गौरव, शिक्षकों ने दी बधाई

*लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने प्रदान किया है सम्मान, विवि परिसर में हर्ष का माहौल

*शिक्षक प्रतिनिधिमंडल ने कुलपति से भेंट कर साझा की समस्याएं, चयन प्रक्रिया में पारदर्शिता की मांग

जौनपुर
वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. वंदना सिंह को प्रतिष्ठित ‘पूर्वांचल माटी सम्मान’ से नवाजे जाने पर विश्वविद्यालय परिवार में हर्ष की लहर है। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला द्वारा प्रदान किए गए इस सम्मान पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए शिक्षक प्रतिनिधिमंडल ने कुलपति से शिष्टाचार भेंट की और उन्हें पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया।
शिक्षकों ने कहा कि यह सम्मान न केवल प्रो. वंदना सिंह के व्यक्तिगत कृतित्व की विजय है, बल्कि यह पूरे पूर्वांचल क्षेत्र की शैक्षिक गरिमा और विश्वविद्यालय के बढ़ते कद का भी प्रतीक है। शिक्षकों ने विश्वास जताया कि उनके कुशल नेतृत्व में विश्वविद्यालय अकादमिक क्षेत्र में नित नई ऊंचाइयों को छुएगा।
सम्मान के साथ समस्याओं पर भी हुआ मंथन
बधाई और शुभकामनाओं के दौर के बीच शिक्षकों और कुलपति के मध्य सौहार्दपूर्ण वातावरण में विभिन्न ज्वलंत मुद्दों पर संवाद भी हुआ। प्रतिनिधिमंडल ने विश्वविद्यालय से जुड़े कई महत्वपूर्ण विषयों को प्रमुखता से उठाया। वार्ता के केंद्र में शोध (पीएचडी) से संबंधित पेचीदगियां और चयन प्रक्रिया (फाइनल सिलेक्शन) का मुद्दा रहा।
पारदर्शिता और न्यायसंगत निर्णयों पर जोर
प्रतिनिधिमंडल ने दो टूक शब्दों में कहा कि विश्वविद्यालय में किसी भी स्तर पर मनमानी स्वीकार्य नहीं होगी। सभी निर्णय तर्कसंगत, पारदर्शी और न्यायसंगत होने चाहिए ताकि शिक्षकों और छात्रों का विश्वास बना रहे। शिक्षकों ने स्पष्ट किया कि आने वाले समय में वे इन मुद्दों को लेकर औपचारिक रूप से पत्राचार और संवाद की प्रक्रिया को आगे बढ़ाएंगे, ताकि समस्याओं का त्वरित और प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित हो सके।
इनकी रही उपस्थिति
इस अवसर पर प्रो. राजेश सिंह, डॉ. जे.पी. सिंह, डॉ. लक्ष्मण सिंह, डॉ. यदुवंश कुमार यादव, डॉ. उज्ज्वल सिंह, डॉ. संजय शर्मा राय, डॉ. अविनाश कौल, डॉ. अखिलेश गौतम, डॉ. प्रतिमा सिंह, डॉ. कृष्णकांत दुबे, डॉ. अवनीश यादव, डॉ. बालाजी भारद्वाज, डॉ. विवेक प्रजापति, डॉ. विकास यादव, डॉ. अनिल मौर्य, डॉ. सुनील मौर्य, डॉ. सच्चिदानंद पांडे, डॉ. विवेक यादव, डॉ. बृजेश, डॉ. रमेश सिंह, डॉ. अनुराग चौधरी एवं डॉ. जितेश सिंह समेत अन्य गणमान्य शिक्षक उपस्थित रहे।

fastblitz24
Author: fastblitz24

Spread the love

यह भी पढ़ें

टॉप स्टोरीज