एसएसपी ने ड्यूटी में लापरवाही व दुर्व्यवहार पर तीन पुलिसकर्मियों को किया निलंबित, विभागीय जांच शुरू
जौनपुर। जनपद में अलग-अलग स्थानों पर सामने आए तीन मामलों में ड्यूटी के प्रति लापरवाही और अनुशासनहीनता पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह ने सख्त कार्रवाई करते हुए तीन पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया। इनमें सुरेरी थाना क्षेत्र की वह घटना प्रमुख है, जिसका वीडियो वायरल होने के बाद मामला तूल पकड़ गया और तत्काल कार्रवाई करनी पड़ी।
जानकारी के अनुसार, सुरेरी थाना गेट पर वाहन चेकिंग के दौरान पृथ्वीपुर निवासी इंजीनियर विकास सिंह अपनी बहनों रूबी सिंह और मीनू सिंह के साथ बाइक से लौट रहे थे। हेलमेट न होने पर पुलिस ने उनका चालान किया। इस दौरान अन्य वाहनों को छोड़े जाने का आरोप लगाते हुए विवाद हो गया। आरोप है कि ड्यूटी पर तैनात आरक्षी हिमांशु राव ने युवक का मोबाइल छीन लिया और उसके साथ मारपीट की। बीच-बचाव करने आई महिलाओं के साथ भी अभद्रता और हाथापाई की गई। घटना का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित होने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।
मामले को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी ने उक्त प्रकरण में आरक्षी हिमांशु राव को निलंबित कर दिया। साथ ही ड्यूटी में लापरवाही और अनुशासनहीनता से जुड़े दो अन्य अलग-अलग मामलों में मु0आ0 महफूज हाशमी और आरक्षी पारितोष सिंह को भी निलंबित किया गया है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, तीनों प्रकरणों की विभागीय जांच के आदेश दे दिए गए हैं। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। एसएसपी ने स्पष्ट किया है कि ड्यूटी में लापरवाही और आमजन के साथ दुर्व्यवहार किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।



Author: fastblitz24



