
मछलीशहर और पवारा पुलिस की संयुक्त कार्रवाई; 4.20 लाख नकद और असलहे बरामद, इटावा और औरैया के निकले शातिर अपराधी
.जौनपुर। मछलीशहर पुलिस और बदमाशों के बीच रविवार तड़के हुई मुठभेड़ में पुलिस ने दो शातिर लुटेरों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आत्मरक्षार्थ की गई फायरिंग में एक बदमाश के पैर में गोली लगी है, जबकि दूसरा घायल अवस्था में दबोचा गया। इन बदमाशों ने बीते 7 अप्रैल को मुस्तफाबाद में बैंक से पैसा निकालकर जा रहे एक व्यक्ति की डिग्गी से 5 लाख रुपये पार कर दिए थे। इनके पास से लूट के 4 लाख 20 हजार रुपये नकद और अवैध हथियार बरामद हुए हैं।

घेराबंदी पर पुलिस टीम पर झोंका फायर


जानकारी के अनुसार, मछलीशहर और पवारा पुलिस की टीम कुँवरपुर के पास चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान बाइक सवार दो संदिग्धों को रुकने का इशारा किया गया, तो उन्होंने भागने की कोशिश की और पुलिस टीम पर जान से मारने की नियत से फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने गोली चलाई, जो अभियुक्त सत्येन्द्र कुमार दोबरे (निवासी इटावा) के दाहिने पैर में लगी। वहीं, दूसरा अभियुक्त गुड्डू उर्फ इकरार (निवासी औरैया) बाइक से गिरकर चोटिल हो गया, जिसे पुलिस ने मौके पर ही दबोच लिया।
चाय पीना पड़ा था भारी, पलक झपकते उड़ाए थे पैसे
घटना का खुलासा करते हुए क्षेत्राधिकारी मछलीशहर सुश्री प्रतिमा वर्मा ने बताया कि बीती 7 अप्रैल को बदलापुर निवासी सूर्यमणि मिश्रा एसबीआई बैंक से पैसे निकालकर घर जा रहे थे। मुस्तफाबाद यूनियन बैंक के पास रुककर जैसे ही वह चाय पीने लगे, बदमाशों ने उनकी बाइक की डिग्गी तोड़कर 5 लाख रुपये उड़ा दिए थे। पुलिस ने इस मामले में धारा 303(2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी।
अपराध जगत के पुराने खिलाड़ी हैं दोनों आरोपी
पकड़े गए आरोपियों का लंबा आपराधिक इतिहास है। सत्येन्द्र कुमार दोबरे पर इटावा, सहारनपुर और जौनपुर में लूट, हत्या के प्रयास और गैंगस्टर एक्ट सहित 9 मामले दर्ज हैं। वहीं, गुड्डू उर्फ इकरार पर जालौन, झांसी, मुरादाबाद और औरैया में 7 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।
बरामदगी का विवरण: *
नकद: 4 लाख 20 हजार रुपये (लूट के)।
- शस्त्र: 01 तमंचा (0.315 बोर), 01 जिंदा कारतूस, 01 खोखा।
- वाहन: वारदात में प्रयुक्त एक मोटरसाइकिल।
सराहनीय रही टीम की भूमिका
सफल अनावरण करने वाली टीम में मछलीशहर प्रभारी निरीक्षक विनीत राय, पवारा थानाध्यक्ष अनिल कुमार, उपनिरीक्षक ओमप्रकाश, शिवकुमार सिंह, शमीम खान और अन्य सिपाही शामिल रहे। पुलिस प्रशासन ने टीम की इस तत्परता की सराहना की है।
Author: fastblitz24



