जौनपुर : खेल जगत के लिए आज एक बेहद गौरवशाली और बड़ी खबर सामने आई है। सिद्दीकपुर स्थित इंदिरा गांधी स्पोर्ट्स स्टेडियम में कड़ा अभ्यास कर रहे दो होनहार खिलाड़ियों—कु. आशु यादव और अभिनव कुमार ने अपनी प्रतिभा के दम पर प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिता में सफलता का परचम लहराया है। इन दोनों ही खिलाड़ियों ने पूरे उत्तर प्रदेश की महज 20 सीटों में अपनी जगह सुरक्षित कर स्पोर्ट्स कॉलेज में अपना चयन सुनिश्चित किया है।
आगे पढ़िए

स्टेडियम में वॉलीबॉल प्रशिक्षक दिलीप कुमार की देखरेख में नियमित ट्रेनिंग ले रही कु. आशु यादव का चयन स्पोर्ट्स कॉलेज, गोरखपुर में कक्षा-11 के लिए हुआ है। आशु जौनपुर के थाना गौराबादशाहपुर अंतर्गत ग्राम बिथार (पोस्ट चोरसण्ड) की रहने वाली हैं। उनके पिता जितेंद्र यादव एक व्यवसायी हैं। आशु की इस बड़ी कामयाबी में उनके कोच की तकनीकी सीख के साथ-साथ उनके पिता का भी लगातार मजबूत समर्थन रहा है।
अपनी इस सफलता पर खुशी जाहिर करते हुए आशु यादव ने कहा, “किसी भी लक्ष्य को पाने के लिए कड़ी मेहनत का कोई विकल्प नहीं है। मैं खेल जगत के अपने सभी साथी खिलाड़ियों से यही कहूंगी कि वे किसी भी स्तर पर निराश न हों, निरंतर प्रयास करते रहें, सफलता जरूर मिलेगी।”दूसरी तरफ, स्टेडियम के हैंडबॉल प्रशिक्षक निलेश यादव की देखरेख में अपनी खेल प्रतिभा को निखार रहे अभिनव कुमार ने भी बड़ी उपलब्धि हासिल की है। ग्राम देवकली (पोस्ट सरायख्वाजा) निवासी पप्पू के पुत्र अभिनव कुमार का चयन प्रदेश स्तरीय कड़ी प्रतियोगिता के बाद स्पोर्ट्स कॉलेज, फतेहपुर में कक्षा-9 के लिए हुआ है। अभिनव की इस प्रतिभा को तराशने और उन्हें इस मुकाम तक पहुंचाने में उनके हैंडबॉल कोच निलेश यादव की बेहद महत्वपूर्ण भूमिका रही है।


जौनपुर के इन दोनों उदीयमान खिलाड़ियों की इस शानदार राष्ट्रीय व राज्य स्तरीय उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए जिला क्रीड़ा अधिकारी श्री अशोक सोनकर ने दोनों को मिठाई खिलाकर बधाई दी। उन्होंने दोनों खिलाड़ियों की पीठ थपथपाते हुए भविष्य में देश का नाम रोशन करने और अपने जीवन के सर्वोच्च लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए जमकर प्रोत्साहित किया।
Author: fastblitz24


