उमानाथ सिंह स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय की टीम ने किया स्वास्थ्य परीक्षण
एबीवीपी के अनुरोध पर हुआ आयोजन
जौनपुर: उमानाथ सिंह स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय, जौनपुर ने सामाजिक दायित्व का निर्वहन करते हुए बुधवार को शहर के सैय्यद अलीपुर स्थित ‘कृषक विकास समिति निःशुल्क वृद्धाश्रम’ में एक बृहद स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) के विशेष अनुरोध पर आयोजित इस शिविर में मेडिकल कॉलेज के विशेषज्ञ चिकित्सकों ने बड़ी संख्या में वृद्धजनों का स्वास्थ्य परीक्षण किया।

विभिन्न विभागों के विशेषज्ञों ने दी सेवाएं
शिविर में मेडिकल कॉलेज के प्रधानाचार्य प्रो. आर.बी. कमल के निर्देशन, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक प्रो. ए.ए. जाफरी और जनरल मेडिसिन विभागाध्यक्ष डॉ. विनोद कुमार के मार्गदर्शन में चिकित्सकों की एक समर्पित टीम पहुंची। शिविर में नेत्र रोग, जनरल मेडिसिन, क्षय एवं वक्ष रोग (टीबी और चेस्ट), सामुदायिक चिकित्सा और शल्य चिकित्सा विभागों के विशेषज्ञों ने अपनी सेवाएं दीं।


शिविर के दौरान बुजुर्गों की रक्तचाप (BP), मधुमेह (Diabetes) और अन्य सामान्य व्याधियों की जांच की गई। परामर्श के साथ-साथ मरीजों को निःशुल्क दवाइयां भी वितरित की गईं।
’वरिष्ठ नागरिक हमारी धरोहर’: प्रो. आर.बी. कमल
शिविर की सफलता पर संतोष व्यक्त करते हुए प्रधानाचार्य प्रो. आर.बी. कमल ने कहा, “समाज के वरिष्ठ नागरिक हमारी संस्कृति और मूल्यों की अमूल्य धरोहर हैं। उनकी स्वास्थ्य सुरक्षा सुनिश्चित करना और उन्हें सम्मानजनक जीवन प्रदान करना हम सभी का नैतिक दायित्व है।” उन्होंने शिविर में भाग लेने वाले चिकित्सकों और स्टाफ की सराहना करते हुए भविष्य में भी ऐसे जनहितकारी कार्यक्रमों के आयोजन का संकल्प दोहराया।
सुलभ स्वास्थ्य सेवा ही प्राथमिकता: प्रो. ए.ए. जाफरी
मुख्य चिकित्सा अधीक्षक प्रो. ए.ए. जाफरी ने कहा कि ऐसे शिविर समाज के अंतिम पायदान पर खड़े लोगों और जरूरतमंदों तक गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सेवा पहुँचाने का सबसे प्रभावी माध्यम हैं। उन्होंने कहा कि समय पर उपचार और नियमित स्वास्थ्य जांच से वृद्धजनों के जीवन की गुणवत्ता में बड़ा सकारात्मक बदलाव लाया जा सकता है।
ये रहे उपस्थित
इस मानवीय पहल के दौरान डॉ. अमित पटेल, डॉ. नितेश कुमार यादव, डॉ. निहारिका, डॉ. अक्षय सिंह, डॉ. संदीप सिंह सहित मेडिकल कॉलेज के फार्मासिस्ट और कर्मचारी उपस्थित रहे। वहीं, आश्रम की ओर से संरक्षक गिरिजेश राय, प्रधान हरिशंकर, केयर टेकर रवि कुमार व महिमा चौबे तथा एबीवीपी के प्रांतीय सदस्य हर्षवर्धन, प्रखर, अक्षत और अर्जुन समेत अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।
Author: fastblitz24



