जौनपुर | उत्तर प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी ‘वंदन योजना’ के तहत नगर पालिका परिषद जौनपुर स्थित ऐतिहासिक श्री रामजानकी मंदिर, मियापुर के कायाकल्प की तैयारी शुरू हो गई है। शुक्रवार को उत्तर प्रदेश सरकार के खेल एवं युवा कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गिरीश चंद्र यादव ने ₹1 करोड़ 34 लाख की लागत से होने वाले अवस्थापना विकास कार्यों का विधि-विधान से भूमि पूजन एवं शिलान्यास किया।
वैदिक मंत्रोच्चार के बीच शिलापट्ट का अनावरण
कार्यक्रम का शुभारंभ विद्वान पंडितों के वैदिक मंत्रोच्चार और धार्मिक अनुष्ठान के साथ हुआ। राज्यमंत्री गिरीश चंद्र यादव ने मंदिर परिसर में भूमि पूजन कर परियोजना के शिलापट्ट का अनावरण किया। “मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी के नेतृत्व में पूरे प्रदेश के धार्मिक स्थलों का व्यवस्थित और भव्य विकास किया जा रहा है। वंदन योजना के तहत श्री रामजानकी मंदिर में ₹1.34 करोड़ की लागत से श्रद्धालुओं के लिए सभी मूलभूत सुविधाएं विकसित की जाएंगी। इससे न केवल मंदिर परिसर का सौंदर्यीकरण होगा, बल्कि जौनपुर में धार्मिक पर्यटन को भी नया बढ़ावा मिलेगा।” कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद पूर्व विधायक सुरेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि जौनपुर की जनता की आस्था का यह प्रमुख केंद्र अब भव्य स्वरूप धारण करेगा। उन्होंने इस सौगात के लिए मुख्यमंत्री और राज्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इससे क्षेत्रीय श्रद्धालुओं को बड़ी सुविधा और राहत मिलेगी।




