जौनपुर। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जौनपुर द्वारा जनपद में अपराध की रोकथाम एवं अपराधियों की गिरफ्तारी हेतु चलाए जा रहे विशेष अभियान के क्रम में थाना शाहगंज पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। अपर पुलिस अधीक्षक नगर जौनपुर एवं क्षेत्राधिकारी शाहगंज के निकट पर्यवेक्षण व प्रभारी निरीक्षक श्री तेज बहादुर सिंह के कुशल नेतृत्व में शाहगंज पुलिस टीम द्वारा हत्या के प्रयास के मामले में वांछित 05 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।
घटना का विवरण:
मामला थाना शाहगंज क्षेत्र के ग्राम समैसा का है। दिनांक 30.07.2026 को प्रवेश (पुत्र छट्ठू) अपने परिजनों के साथ ट्यूबवेल के पास धान लगाने गए थे। पुरानी रंजिश को लेकर पड़ोसी राम स्वारथ आदि द्वारा गाली-गलौज की गई। विरोध करने पर जान से मारने की नियत से सिर पर धारदार हथियार से हमला कर दिया गया, जिससे महिमा, पुष्पा एवं प्रवेश का सिर फट गया और वे गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों का इलाज जिला अस्पताल जौनपुर में चल रहा है।
वादी मुकदमा श्री छट्ठु (पुत्र भुट्ठुर, निवासी ग्राम समैसा) से प्राप्त तहरीर के आधार पर थाना शाहगंज पर धीरज आदि 07 नामजद आरोपियों के विरुद्ध संबंधित धाराओं के तहत पंजीकृत कर विवेचना शुरू की गई थी।
गिरफ्तारी एवं कार्रवाई:
मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए शाहगंज पुलिस टीम ने 05 नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त आलाकत्ल (एक कुल्हाड़ी, एक लाठी एवं दो ईंट) बरामद की गई है। पुलिस द्वारा आवश्यक विधिक कार्रवाई पूर्ण करते हुए आरोपियों को माननीय न्यायालय भेजा जा रहा है।




