भीषण टक्कर में दो की जान गई, तीन जिंदगी से जूझ रहे
जौनपुर। सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के जौनपुर–शाहगंज मार्ग पर कोरीडिहा बाजार के पास बुधवार सुबह करीब 11 बजे एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार कार और ऑटो रिक्शा की जोरदार टक्कर में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।


प्राप्त जानकारी के अनुसार, ऑटो रिक्शा सवारियों को लेकर जौनपुर शहर की ओर जा रहा था। जैसे ही वह कोरीडिहा बाजार के पास पहुंचा, सामने से तेज गति में आ रही इनोवा कार ने उसे टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ऑटो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खाई में जा गिरा।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी और घायलों को बाहर निकालने में मदद की। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को जिला अस्पताल भिजवाया।



अस्पताल में इलाज के दौरान खुटहन थाना क्षेत्र के मुबारकपुर गांव निवासी 58 वर्षीय बैजनाथ गुप्ता और खेतासराय निवासी 55 वर्षीय गुलाब गुप्ता को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
वहीं घायलों में नीतू (38), निलेश (22) और इस्तेखार (22) शामिल हैं, जिनका इलाज जारी है।
थाना प्रभारी अमरेंद्र कुमार पांडेय ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त इनोवा कार को कब्जे में ले लिया गया है और मामले में विधिक कार्रवाई की जा रही है।
Author: fastblitz24



