जूनियर हाईस्कूल शिक्षक महासभा और अटेवा ने उठाई 29334 व 72825 भर्ती के शिक्षकों की मांग

जौनपुर। जूनियर हाईस्कूल शिक्षक (बेसिक) महासभा एवं अटेवा के प्रतिनिधिमंडल ने लंबित एरियर के भुगतान की मांग को लेकर हुंकार भरी है। जिलाध्यक्ष इंदु प्रकाश यादव के नेतृत्व में शिक्षकों ने वित्त एवं लेखाधिकारी राजीव त्रिपाठी से मुलाकात कर उन्हें ज्ञापन सौंपा और जल्द से जल्द भुगतान सुनिश्चित करने का आग्रह किया।
जिलाध्यक्ष इंदु प्रकाश यादव ने वित्त एवं लेखाधिकारी को अवगत कराया कि 29,334 गणित-विज्ञान और 72,825 शिक्षक भर्ती के प्रथम बैच के शिक्षकों का चयन वेतनमान लागू हो चुका है। इसके बावजूद, लंबे समय से उनका एरियर भुगतान अटका हुआ है। एरियर न मिलने के कारण जिले के शिक्षकों में भारी असंतोष व्याप्त है। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि एरियर का भुगतान शिक्षकों का वैधानिक अधिकार है और इसमें हो रही देरी न्यायोचित नहीं है।
शिक्षकों की समस्याओं को सुनने के बाद वित्त एवं लेखाधिकारी राजीव त्रिपाठी ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया। उन्होंने बताया कि बजट की कमी के कारण अभी तक सभी शिक्षकों का भुगतान संभव नहीं हो सका है। विभाग द्वारा शासन से अतिरिक्त बजट की मांग की जा चुकी है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जैसे ही धनराशि प्राप्त होगी, प्राथमिकता के आधार पर सभी लंबित एरियर का भुगतान कर दिया जाएगा।
इस अवसर पर मुख्य रूप से अटेवा के मंडलिक महामंत्री संदीप चौधरी, पूर्व माध्यमिक शिक्षक संघ के उपाध्यक्ष यादवेंद्र यादव, आनंद यादव, दिलीप प्रजापति और सुरेंद्र कुमार समेत अन्य शिक्षक नेता उपस्थित रहे।


Author: fastblitz24



