जफराबाद थाना क्षेत्र के गांव में सनसनी, लापता बच्ची का शव मिलने से आक्रोश; दुष्कर्म की आशंका पर पुलिस जांच में जुटी
जौनपुर। जफराबाद थाना क्षेत्र के एक गांव में शादी समारोह के दौरान उस वक्त कोहराम मच गया, जब वहां आई 6 साल की मासूम बच्ची का शव झाड़ियों में पड़ा मिला। घटना की सूचना मिलते ही पूरे इलाके में दहशत फैल गई। परिजन बच्ची के साथ दुष्कर्म के बाद हत्या की आशंका जता रहे हैं, जिससे गांव में भारी आक्रोश है।

रातभर तलाशते रहे परिजन, सुबह मिला शव


बताया जा रहा है कि बच्ची बीती रात शादी समारोह के दौरान अचानक लापता हो गई थी। परिजनों ने रातभर उसकी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं लगा। रविवार सुबह गांव के कुछ लोगों ने झाड़ियों में एक शव देखा, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया। मौके पर पहुंचे परिजनों ने बच्ची की पहचान की और बिलख पड़े।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से होगा मौत का खुलासा
घटना की सूचना पाकर जफराबाद पुलिस और आला अधिकारी मौके पर पहुंचे। एसपी कुंवर अनुपम सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह हत्या का मामला लग रहा है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। एसपी ने कहा कि “मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा। फिलहाल, तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और टीमें जांच में जुटी हैं।”
एसपी का आश्वासन: दोषियों पर होगी सख्त कार्रवाई
घटना के बाद से ही गांव में भारी आक्रोश है। लोग आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं। एसपी ने आश्वासन दिया है कि पुलिस इस मामले की हर पहलू से बारीकी से जांच कर रही है। संदिग्धों की पहचान के लिए आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। अधिकारियों ने दावा किया है कि दोषियों को जल्द गिरफ्तार कर कठोरतम कार्रवाई की जाएगी।
Author: fastblitz24


