ज़िला महामंत्री आरिफ हबीब के नेतृत्व में DM को सौंपा मांग पत्र; ₹1 करोड़ का बीमा और 18% ब्याज आधा करने जैसी कई बड़ी मांगें उठाईं
जौनपुर (ब्यूरो): उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के अध्यक्ष एवं पूर्व सांसद बनवारी लाल कंछल के दिशा-निर्देशों तथा प्रांतीय वरिष्ठ उपाध्यक्ष व जिलाध्यक्ष इंद्रभान सिंह इंदु के आदेश पर व्यापारियों की आवाज बुलंद की गई है। जिला उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल, जौनपुर की ओर से प्रदेश के व्यापारियों की विभिन्न ज्वलंत समस्याओं के समाधान हेतु सूबे के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को संबोधित एक महत्वपूर्ण ज्ञापन जिलाधिकारी (DM) सैमुअल एन पाल के माध्यम से सौंपा गया। यह ज्ञापन जिला महामंत्री आरिफ हबीब के कुशल नेतृत्व में प्रस्तुत किया गया, जिसमें व्यापारियों के हितों की रक्षा के लिए कई बड़ी मांगें प्रमुखता से उठाई गईं।

स्वास्थ्य बीमा और ₹1 करोड़ के सुरक्षा कवच की मांग
व्यापारियों द्वारा सौंपे गए इस ज्ञापन में मुख्य रूप से मांग की गई है कि जीएसटी (GST) पंजीकृत सभी व्यापारियों का अनिवार्य रूप से स्वास्थ्य बीमा कराया जाए। इसके साथ ही, दुकानों में अचानक होने वाली आगजनी या अन्य अनहोनी जैसी घटनाओं से सुरक्षा प्रदान करने के लिए सरकार की ओर से 1 करोड़ रुपये तक का बीमा कवर उपलब्ध कराया जाना चाहिए।


18% ब्याज को घटाकर 9% करे सरकार
व्यापार मंडल ने विभागीय पेचीदगियों पर भी कड़ा रुख अपनाया है। मांग की गई है कि विभागीय बकाया अथवा रिटर्न देर से जमा होने पर व्यापारियों से वसूले जाने वाले 18 प्रतिशत के भारी-भरकम ब्याज को तत्काल घटाकर 9 प्रतिशत किया जाए। इसके अलावा, विभिन्न विभागों से मिलने वाले व्यापारिक लाइसेंसों को बार-बार नवीनीकृत (रिन्यू) करने के झंझट से मुक्ति देते हुए उन्हें ‘आजीवन’ (लाइफटाइम) वैध बनाया जाए। व्यापारियों का कहना है कि उन पर होने वाले सर्वे और छापों को पूरी तरह से कानून सम्मत तरीके से ही संचालित किया जाना चाहिए, ताकि किसी का उत्पीड़न न हो।
बिजली बिल से फिक्स और न्यूनतम चार्ज हटाने की मांग
ज्ञापन में बिजली विभाग की मनमानी पर भी चोट की गई है। व्यापारियों का कहना है कि जब बिजली बिल मीटर रीडिंग के आधार पर आता है, तो फिक्स चार्ज और न्यूनतम चार्ज का कोई औचित्य नहीं रह जाता, इसे तुरंत समाप्त किया जाना चाहिए। साथ ही, सुरक्षा के मद्देनजर व्यापारियों को प्राथमिकता के आधार पर शस्त्र लाइसेंस जारी किए जाएं।
देर शाम DM आवास पर पहुंचे पदाधिकारी
ज़िला महामंत्री आरिफ हबीब ने बताया कि व्यापारियों का यह सांझा मोर्चा पूरी ताकत से अपनी मांगें रख रहा है। प्रांतीय वरिष्ठ उपाध्यक्ष/जिलाध्यक्ष इन्द्रमान सिंह इन्दु, जिला महामंत्री आरिफ हबीब खान और नगर अध्यक्ष धनश्याम साहू के हस्ताक्षरयुक्त यह ज्ञापन बीते कल शाम साढ़े 7 बजे जिलाधिकारी को सौंप दिया गया। व्यापार मंडल को पूरी उम्मीद है कि सरकार उनके मुद्दों पर गंभीरता से विचार कर जल्द ही राहत देगी।
इस दौरान मुख्य रूप से ज़िला कोषाध्यक्ष उमेशचंद गुप्त, नगर महामंत्री आलोक रंजन सिन्हा, युवा ज़िला अध्यक्ष अरुण शुक्ल और युवा ज़िला उपाध्यक्ष सुमित कुमार सहित भारी संख्या में व्यापारी नेता उपस्थित रहे।
Author: fastblitz24


