जौनपुर | जनपद में अपराध की रोकथाम एवं अपराधियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना खुटहन पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जौनपुर के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक (नगर) तथा क्षेत्राधिकारी शाहगंज के कुशल पर्यवेक्षण में पुलिस टीम ने सुईथाखुर्द पंचायत भवन के पास से चोरी की योजना बना रहे एक शातिर चोर को अवैध असलाह और ताला तोड़ने के औजारों के साथ रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। इस दौरान अंधेरे का फायदा उठाकर उसका एक साथी भागने में सफल रहा।
घटना का संक्षिप्त विवरण
गश्त के दौरान थाना खुटहन पुलिस टीम जब सुईथाखुर्द पंचायत भवन के पास पहुंची, तो संदिग्ध हालत में खड़े दो व्यक्तियों ने पुलिस को देखकर भागने का प्रयास किया। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर एक व्यक्ति को पकड़ लिया, जबकि दूसरा व्यक्ति अंधेरे व भौगोलिक स्थिति का लाभ उठाकर फरार हो गया।
पकड़े गए आरोपी ने अपना नाम आकाश यादव बताया तथा फरार साथी का नाम सचिन सिंह (निवासी त्रिलौकिया, थाना खुटहन) बताया। कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपी आकाश यादव ने कुबूल किया कि दिनांक 22/23 जुलाई 2026 की रात बारिश के दौरान उसने और उसके साथी सचिन ने ग्राम रसूलपुर, फिरोजपुर व अहरपुर में दुकानों के ताले तोड़कर चोरी का प्रयास किया था, लेकिन वे असफल रहे थे। शनिवार रात भी वे दोनों चोरी की योजना बना रहे थे कि पुलिस की तत्परता से पकड़े गए।




