Fastblitz 24

दर्शन कर लौट रहे वृद्ध को तेज रफ्तार बोलेरो ने रौंदा, मकान के अंदर जा घुसी गाड़ी; मौत से मचा कोहराम

बाजार में हुआ दर्दनाक हादसा, अनियंत्रित वाहन ने साइकिल सवार को चपेट में लिया

जफराबाद/जौनपुर। जलालपुर थाना क्षेत्र के राजेपुर बाजार में सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। रामेश्वरम मंदिर से दर्शन कर साइकिल से घर लौट रहे 65 वर्षीय वृद्ध हौसिला मिश्र की तेज रफ्तार बोलेरो की चपेट में आने से मौत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि अनियंत्रित बोलेरो वृद्ध को रौंदते हुए पास ही स्थित एक मकान का दरवाजा तोड़कर अंदर जा घुसी। गनीमत रही कि उस समय मकान के अंदर कोई मौजूद नहीं था, अन्यथा जान-माल का बड़ा नुकसान हो सकता था।

सेल्समैन चला रहा था बोलेरो, अनियंत्रित होकर ली जान

​प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दुर्घटना का शिकार बनी बोलेरो (यूपी 62 एडी…) के मालिक मनोज का मित्र वीरेंद्र कुमार, जो स्थानीय देशी शराब की दुकान पर सेल्समैन है, गाड़ी चला रहा था। बाजार में अचानक अनियंत्रित हुई बोलेरो ने हौसिला मिश्र को बुरी तरह कुचल दिया। आसपास के लोगों ने आनन-फानन में गंभीर रूप से घायल वृद्ध को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

पुलिस के आश्वासन पर शांत हुए ग्रामीण

​घटना के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने मौके पर जमकर हंगामा किया। आक्रोशित लोगों ने आरोपी चालक की तत्काल गिरफ्तारी और मुकदमा दर्ज करने की मांग को लेकर बोलेरो को मौके से हटाने नहीं दिया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए थानाध्यक्ष सत्येंद्र विक्रम सिंह भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। बाद में केराकत सीओ अजय कुमार राय ने घटनास्थल का जायजा लिया और ग्रामीणों को निष्पक्ष जांच व शीघ्र गिरफ्तारी का भरोसा दिलाया।

fastblitz24
Author: fastblitz24

Spread the love

यह भी पढ़ें

टॉप स्टोरीज