मिशन शक्ति कक्ष में पति-पत्नी के बीच कराई गई सफल सुलह, विवाद भूल साथ रहने को हुए राजी


जौनपुर। परिवार के बिखरते रिश्तों के बीच अब पुलिस ‘मददगार’ की भूमिका निभा रही है। जौनपुर के मीरगंज थाने में चल रही ‘मिशन शक्ति’ की पहल एक बार फिर रंग लाई है, जहाँ पुलिस ने एक टूटते हुए वैवाहिक रिश्ते को न केवल बचाया, बल्कि पति-पत्नी के बीच आपसी सहमति से सुलह कराकर उन्हें फिर से एक साथ घर भेजा।


काउंसलिंग बनी ‘संजीवनी’
मामला थाना मीरगंज क्षेत्र के ग्राम करियांव का है। विकाश कुमार सिंह और उनकी पत्नी त्रिषा सिंह के बीच लंबे समय से घरेलू कलह और विवाद चल रहा था। विवाद इतना बढ़ गया था कि मामला थाने तक पहुँच गया। प्रभारी निरीक्षक अरविन्द कुमार सिंह के नेतृत्व में मिशन शक्ति टीम ने इस पारिवारिक कलह को गंभीरता से लिया।
टीम ने दोनों पक्षों को थाना स्थित ‘मिशन शक्ति कक्ष’ में बुलाया। जहाँ महिला सुरक्षा और सशक्तिकरण के उद्देश्य से गठित टीम ने पति-पत्नी की समस्याओं को धैर्यपूर्वक सुना। काउंसलिंग के दौरान टीम के सदस्यों ने दोनों को रिश्तों की अहमियत समझाई और आपसी संवाद के जरिए मतभेदों को मिटाने के लिए प्रेरित किया।
सौहार्दपूर्ण निस्तारण से मिली राहत
मिशन शक्ति टीम की समझाइश का सकारात्मक असर हुआ। पति और पत्नी ने अपनी पिछली कड़वाहटों को भुलाकर भविष्य में शांति और सौहार्द के साथ रहने का संकल्प लिया। पुलिस की मध्यस्थता से हुए इस सफल निस्तारण की क्षेत्र में सराहना की जा रही है।
इस सार्थक प्रयास में थाना मीरगंज की मिशन शक्ति टीम के उ0नि0 शिवशंकर मिश्रा, म0का0 इन्दू वर्मा और रि0म0का0 श्वेता चौधरी की अहम भूमिका रही।
Author: fastblitz24


