Fastblitz 24

भारी वाहनों पर 13 घंटे का ‘ब्रेक’, प्रवक्ता परीक्षा के लिए रूट डायवर्ट; 18 केंद्रों पर सुरक्षा सख्त

ब्यूरो

जौनपुर। शहर में आज (14 जून, रविवार) होने वाली राजकीय इंटर कॉलेज (GIC) प्रवक्ता पद की परीक्षा के मद्देनजर यातायात व्यवस्था में बड़ा बदलाव किया गया है। अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्रों तक पहुंचने में कोई परेशानी न हो और शहर जाम मुक्त रहे, इसके लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) के आदेश पर सुबह 06:00 बजे से लेकर रात 19:00 (शाम 7) बजे तक शहर क्षेत्र में भारी वाहनों के प्रवेश पर पूरी तरह प्रतिबंध (नो एंट्री) लगा दिया गया है।

​इस दौरान सिर्फ आवश्यक वस्तुओं जैसे गैस, डीजल, पेट्रोल और मेडिकल से जुड़े वाहनों को ही छूट रहेगी। प्रशासन ने चेतावनी दी है कि परीक्षा के दौरान किसी भी स्तर पर अव्यवस्था बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

​इन 7 प्रमुख रास्तों पर रहेगी ‘नो एंट्री’

​शहर की सीमाओं पर भारी वाहनों को रोकने के लिए पुख्ता बैरिकेडिंग की गई है। मुख्य रूप से इन स्थानों पर आवागमन प्रतिबंधित रहेगा:

  • पचहटिया व प्रसाद तिराहा: सुबह 6 से शाम 7 बजे तक भारी वाहनों का प्रवेश पूरी तरह बंद रहेगा।
  • पकड़ी व चाँदपुर हाईवे अंडरपास: हाईवे से शहर की सीमा में आने वाले भारी वाहनों को डायवर्ट किया जाएगा।
  • अलीगंज हाईवे तिराहा व जगदीशपुर चौराहा: परीक्षा के मद्देनजर इन मार्गों पर भारी वाहनों की एंट्री पर रोक रहेगी।
  • कुत्तुपुर तिराहा: इस मार्ग से भी भारी वाहनों का शहर के भीतर आना वर्जित रहेगा।

​परीक्षा से जुड़े अन्य मुख्य बिंदु

  • दो घंटे की परीक्षा: उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित यह परीक्षा आज सुबह 09:30 बजे से पूर्वाहन 11:30 बजे तक आयोजित की जाएगी।
  • 8,375 अभ्यर्थी: जनपद के कुल 18 परीक्षा केंद्रों पर 8,375 महिला व पुरुष अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे।
  • मजिस्ट्रेटों की पैनी नजर: परीक्षा को पूरी तरह नकलविहीन और निष्पक्ष बनाने के लिए सभी 18 केंद्रों पर एक-एक स्टैटिक मजिस्ट्रेट और सेक्टर मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई है।
  • तीसरी आंख का पहरा: सभी केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों के जरिए निगरानी रखी जा रही है। किसी भी तरह की गड़बड़ी पर तत्काल सख्त कार्रवाई के निर्देश हैं।
  • मूलभूत सुविधाएं: सभी केंद्रों पर निर्बाध बिजली आपूर्ति, शुद्ध पेयजल और साफ-सफाई की मुकम्मल व्यवस्था की गई है।
  • अधिकारियों को कड़े निर्देश: मुख्य विकास अधिकारी ध्रुव खड़िया, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) परमानंद झा, मुख्य राजस्व अधिकारी अजय अंबष्ट और सह जिला विद्यालय निरीक्षक राजेश कुमार नगर सहित विभिन्न विभागों के आला अधिकारियों को आपसी तालमेल के साथ परीक्षा को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
fastblitz24
Author: fastblitz24

Spread the love

यह भी पढ़ें

टॉप स्टोरीज