‘MS EARTH’ और ‘रॉयल हेल्थ’ के नाम पर चल रहा था गोरखधंधा
युवाओं को बंधक बनाकर जबरन कराया जा रहा था ‘ब्रेनवॉश’
जौनपुर : नौकरी की तलाश में भटक रहे बेरोजगार युवाओं की मजबूरी का फायदा उठाकर करोड़ों की ठगी करने वाले एक शातिर मल्टी-लेवल मार्केटिंग (MLM) गिरोह का भंडाफोड़ हुआ है। थाना लाइन बाजार पुलिस ने ‘MS EARTH’ और ‘Royal Health Wellness’ के नाम पर पिरामिड चेन स्कीम चलाकर युवाओं को अपना शिकार बनाने वाले गिरोह के सरगना समेत 7 सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस की छापेमारी में यहां कैद किए गए करीब 30 युवक-युवतियों को सकुशल मुक्त कराया गया।

ऐसे बिछाते थे ठगी का जाल
गिरोह का सरगना राहुल राजभर अपने साथियों के साथ मिलकर बिहार, झारखंड और मध्य प्रदेश जैसे राज्यों के बेरोजगार युवाओं को फोन कर वाराणसी बुलाता था। उन्हें 25,000 रुपये प्रति माह की आकर्षक नौकरी का लालच दिया जाता था। जाल में फंसने के बाद ‘जॉइनिंग फीस’ के नाम पर हर युवा से 30,000 से 35,000 रुपये वसूले जाते थे और बदले में महज 1,000-2,000 रुपये का रद्दी सामान (साबुन, तेल आदि) थमा दिया जाता था।


30 युवाओं को बनाया था बंधक
ऑफिस के अंदर का मंजर बेहद खौफनाक था। वहां प्रशिक्षण के नाम पर युवाओं का ‘ब्रेनवॉश’ किया जाता था। उन पर लगातार तीन नए लोगों को जोड़ने का दबाव बनाया जाता था। जो युवा ऐसा करने में विफल रहते थे, उन्हें न केवल वेतन देने से मना कर दिया जाता था, बल्कि उनकी जमा राशि भी जब्त करने की धमकी देकर बंधक बनाकर रखा जाता था।

34 करोड़ का संदिग्ध लेन-देन
पुलिस जांच में पता चला है कि गिरोह का सरगना राहुल राजभर बेहद शातिर है। उसके यूनियन बैंक के खाते की जांच में करीब 34 करोड़ रुपये का संदिग्ध लेन-देन मिला है, जो इस ठगी के बड़े साम्राज्य की ओर इशारा करता है। पुलिस ने इनके पास से 11 मोबाइल फोन, एक लग्जरी थार गाड़ी, दो मोटरसाइकिलें और कंपनी से जुड़े अहम दस्तावेज बरामद किए हैं।
गिरफ्तार आरोपी
पुलिस ने राहुल राजभर, संतोष कुमार पटेल, हवलदार पाल, प्रदीप पाल, चन्दन दोहरे, तिरोस राजभर और अरविन्द राजभर को गिरफ्तार कर संबंधित धाराओं (BNS 318(4), 140(2), 308(5), 351(3), 3(5)) में जेल भेज दिया है। इस पूरी कार्रवाई को प्रभारी निरीक्षक के.के. सिंह की टीम ने अंजाम दिया है।
Author: fastblitz24


