Fastblitz 24

गुहाना के मास्टर राजेंद्र कुमार वर्मा नीरा अमृत सम्मान से सम्मानित

बागपत: शिक्षा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण भूमिका अदा करने के लिए गुहाना सोनीपत के मास्टर राजेंद्र कुमार वर्मा को बागपत में नीरा अमृत सम्मान से सम्मानित किया गया। उनको यह सम्मान देशहित और समाजहित में किए जा रहे उल्लेखनीय कार्यों के लिए प्रदान किया गया। मास्टर राजेंद्र कुमार वर्मा पिछले लगभग 10 वर्षों से बागपत नगर में रह रहे हैं।

नीरा अमृत सम्मान समिति की ओर से प्रमुख सामाजिक कार्यकर्ता व नेशनल अवॉर्डी विपुल जैन ने मास्टर राजेंद्र कुमार वर्मा को पगड़ी, अंगवस्त्र व फूलमाला पहनाकर तथा प्रतीक चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। नीरा अमृत सम्मान धार्मिक, शैक्षिक, सामाजिक आदि विभिन्न क्षेत्रों में महत्वपूर्ण योगदान करने वाली शख्सियतों को प्रमुख समाजसेवी रामसेवक शर्मा व डॉक्टर हिमांशु शर्मा टटीरी वालों के माध्यम से प्रदान किया जाता है।

डॉक्टर हिमांशु शर्मा ने बताया कि मास्टर राजेंद्र कुमार वर्मा का जन्म सोनीपत के गुहाना में हुआ। उन्होंने 10वीं गुहाना सोनीपत से, 12वीं जनता वैदिक कॉलेज बड़ौत बागपत से और बीए की उपाधि जैन डिग्री कॉलेज बड़ौत से प्राप्त की। मास्टर राजेंद्र कुमार वर्मा शिक्षा विभाग हरियाणा में वर्ष 1995 में खुबडू गन्नौर ब्लॉक के गवर्नमेंट गर्ल्स प्राइमरी स्कूल में बीटीसी टीचर नियुक्त हुए। वर्ष 2005 में पदोन्नति होकर पबसारा राई ब्लॉक के गवर्नमेंट मिडिल स्कूल में टीजीटी टीचर नियुक्त हुए। मास्टर राजेंद्र कुमार वर्मा जी ने अस्वस्थ होने की वजह से सेवानिवृत्ति के लगभग तीन वर्ष पहले वर्ष 2023 में गवर्नमेंट मिडिल स्कूल टोकी जगदीशपुर राई ब्लॉक से स्वैच्छिक अवकाश ले लिया।

बताया कि मास्टर राजेंद्र वर्मा ने लगभग 28 वर्षों की सेवा की अवधि में विद्यार्थियों को अच्छी शिक्षा देने के साथ-साथ उनको अच्छा अनुशासन सिखाया और गुणवान बनाया। बताया कि मास्टर राजेंद्र कुमार वर्मा की किडनी खराब है और लगभग ढाई साल से वह डायलिसिस पर हैं और हर तीसरे दिन उनको डायलिसिस करवानी पड़ती है। इस मुश्किल घड़ी में उनकी पत्नी कौशल रानी व उनके दोनों पुत्र धीरज कुमार वर्मा व नीरज कुमार वर्मा उर्फ मोनू उनके साथ मजबूती के साथ खड़े हैं और एक आदर्श पत्नी व आदर्श पुत्रों का फर्ज बखूबी अदा कर रहे हैं। मास्टर राजेंद्र कुमार वर्मा अपनी इस उपलब्धि का श्रेय अपनी माता स्वर्गीय राजबाला देवी, अपने पिता स्वर्गीय रामकिशन, अपनी पत्नी व अपने बच्चों को देते हैं। डॉक्टर हिमांशु शर्मा ने समाज में छुपी हुई प्रतिभाओं को देश व दुनिया के सामने लाने के लिए विपुल जैन की प्रशंसा की। इस अवसर पर समाजसेवी अमित चंदौरिया सहित कई लोग उपस्थित थे।

fastblitz24
Author: fastblitz24

Spread the love

यह भी पढ़ें

टॉप स्टोरीज