रतलाम, मध्य प्रदेश का एक युवा क्रिकेटर, जिसने अपने विस्फोटक खेल से पूरे क्रिकेट जगत का ध्यान खींचा है—आशुतोष शर्मा। IPL 2025 में दिल्ली कैपिटल्स के लिए खेलते हुए उन्होंने अपने पहले ही मैच में शानदार प्रदर्शन कर यह साबित कर दिया कि वह किसी भी परिस्थिति में टीम को जीत दिलाने का माद्दा रखते हैं।

इम्पैक्ट प्लेयर शर्मा ने छक्का लगाकर दिलाई जीत
यह साबित हुआ सोमवार की शाम मैच में जहां दिल्ली कैपिटल्स ने IPL-18 के रोमांचक मुकाबले में लखनऊ सुपरजायंट्स को 1 विकेट से हरा दिया। टीम ने 20वें ओवर की तीसरी बॉल पर 210 रन का टारगेट हासिल कर लिया। इम्पैक्ट प्लेयर आशुतोष शर्मा ने छक्का लगाकर टीम को जीत दिलाई, वे 31 गेंद पर 66 रन बनाकर नॉटआउट रहे।


आखिरी ओवर में दिल्ली को 6 रन चाहिए थे। शाहबाज अहमद बॉलिंग करने आए, उनकी पहली गेंद पर मोहित शर्मा स्टंप आउट होने से बचे। अगली गेंद पर मोहित ने सिंगल लिया और आशुतोष स्ट्राइक पर पहुंचे। आशुतोष ने तीसरी गेंद पर सामने की दिशा में छक्का लगाया और टीम को रोमांचक जीत दिला दी।
विशाखापट्टनम में सोमवार को दिल्ली ने बॉलिंग चुनी। लखनऊ ने 8 विकेट खोकर 209 रन बनाए। टीम से निकोलस पूरन ने 75 और मिचेल मार्श ने 72 रन बनाए। दिल्ली ने 9 विकेट के नुकसान पर टारगेट हासिल कर लिया। विपराज निगम ने 15 गेंद पर 39 रन बनाए, उन्होंने आशुतोष के साथ 22 गेंद पर 55 रन की अहम पार्टनरशिप की थी।
संघर्ष से सफलता तक का सफर
15 सितंबर 1998 को मध्य प्रदेश के रतलाम में जन्मे आशुतोष का क्रिकेट सफर आसान नहीं रहा। आर्थिक तंगी के कारण बचपन में क्रिकेट किट तक खरीदना मुश्किल था, लेकिन उनका जुनून और मेहनत उन्हें मध्य प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन की एकेडमी तक ले गई। 2018 में उन्होंने मध्य प्रदेश के लिए घरेलू क्रिकेट खेलना शुरू किया और कुछ साल बाद रेलवे की टीम से जुड़े।
युवराज सिंह का रिकॉर्ड तोड़कर IPL में धमाकेदार एंट्री
2023 की सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में अरुणाचल प्रदेश के खिलाफ सिर्फ 11 गेंदों में अर्धशतक जड़कर आशुतोष ने भारतीय क्रिकेट में सबसे तेज अर्धशतक का रिकॉर्ड बनाया। इस प्रदर्शन ने IPL स्काउट्स का ध्यान खींचा और 2024 के ऑक्शन में पंजाब किंग्स ने उन्हें 20 लाख रुपये में खरीदा। उनके डेब्यू मैच में ही 31 रनों की विस्फोटक पारी ने उन्हें चर्चा में ला दिया।
IPL 2025 में करोड़ों की बोली और शानदार प्रदर्शन
IPL 2025 के मेगा ऑक्शन में दिल्ली कैपिटल्स और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच कड़ी टक्कर के बाद DC ने उन्हें 3.80 करोड़ रुपये में खरीदा। उन्होंने अपने पहले ही मैच में 31 गेंदों में 66 रन बनाकर टीम को जीत दिलाई, जिसमें आखिरी ओवर में विजयी छक्का शामिल था।
आशुतोष की आक्रामक बल्लेबाजी शैली और दबाव में खेलने की क्षमता उन्हें IPL का नया स्टार बना रही है। क्या वह जल्द ही भारतीय टीम में जगह बना पाएंगे? यह देखने वाली बात है।



