जौनपुर: शहर के तंदूरी दरबार बैंक्वेट हॉल में जिला एवं शहर कांग्रेस कमेटी द्वारा आयोजित पत्रकार वार्ता में कांग्रेस पार्टी के जिलाध्यक्ष प्रमोद सिंह ने सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कांग्रेस नेतृत्व और कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह उनके लिए सम्मान की बात है और वे इसे एक चुनौती के रूप में स्वीकार करते हैं।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी का इतिहास हमेशा देश और समाज की सेवा में रहा है। पार्टी की विचारधारा और सिद्धांतों को जन-जन तक पहुँचाने के लिए निरंतर प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने जिले में शिक्षा, स्वास्थ्य, बेरोजगारी और बुनियादी ढांचे की समस्याओं को हल करने को प्राथमिकता देने की बात कही।

प्रमोद सिंह ने कहा कि प्रदेश सरकार चारों ओर भ्रष्टाचार में लिप्त है। रामपथ, इन्वेस्ट यूपी और हाल ही में आयोजित कुंभ के दौरान बड़े घोटालों के उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि इस सरकार ने प्रभु श्री राम के नाम पर भी भ्रष्टाचार करने में कोई कसर नहीं छोड़ी। कोरोना महामारी के दौरान मेडिकल उपकरणों की खरीद से लेकर ऑक्सीजन सिलेंडर तक में भ्रष्टाचार किया गया
उन्होंने कहा कि पिछले आठ वर्षों में अधिकांश सरकारी परीक्षाओं के प्रश्नपत्र लीक हुए हैं और कई परीक्षाओं के परिणाम अब तक घोषित नहीं किए गए हैं। सरकार नई शिक्षक भर्ती भी नहीं कर पाई है। उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग की कार्यप्रणाली पूरी तरह निरंकुश हो चुकी है, जिससे युवाओं के लिए सरकारी नौकरी की संभावनाएं खत्म हो रही हैं। निजी क्षेत्र में नए निवेश के अभाव में रोजगार संकट गहरा गया है। इंटरनेशनल लेबर ऑर्गेनाइजेशन के अनुसार उत्तर प्रदेश में सबसे अधिक युवा बेरोजगार हैं
प्रमोद सिंह ने कहा कि प्रदेश जिस बदहाली और जंगलराज से गुजर रहा है, उसमें मुख्यमंत्री को अपने पद पर बने रहने का नैतिक अधिकार नहीं है। कांग्रेस पार्टी उनसे तत्काल प्रभाव से इस्तीफा देने की मांग करती है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस पूरे जिले में पार्टी के सिद्धांतों का प्रचार करेगी और कार्यकर्ताओं की एकता बनाए रखेगी। उन्होंने पार्टी नेतृत्व का धन्यवाद करते हुए भरोसा दिलाया कि कांग्रेस जिले में मजबूती से खड़ी होगी और जनता के हित में काम करेगी।
इस अवसर पर पूर्व जिलाध्यक्ष फैसल हसन तबरेज, पूर्व शहर अध्यक्ष विशाल सिंह हुकुम, राकेश सिंह डब्बू, नीरज राय, यूथ कांग्रेस जिलाध्यक्ष संदीप सोनकर, NSUI शहर अध्यक्ष अमन सिन्हा, शशांक रॉय अंकित, आदिल खान (प्रदेश महासचिव, NSUI), प्रदेश सचिव आउटरीच मोहम्मद ताहिर, शाहनवाज मंजूर सभासद, ज़ैद सिद्दीकी, इक़बाल हुसैन, इंजीनियर क़ासिम मुस्तफा समेत कई अन्य लोग उपस्थित रहे।

Author: fastblitz24



