तेजीबाज़ार (जौनपुर)। क्षेत्र के एक गांव निवासी व्यक्ति ने दूसरे गांव के एक युवक पर अपनी 21 वर्षीय पुत्री का अपहरण करने का आरोप लगाते हुए स्थानीय थाने में मामला दर्ज कराया है। पीड़ित पिता की तहरीर के आधार पर पुलिस ने नामजद प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़ित पिता ने पुलिस को दी अपनी शिकायत में बताया कि बीते 2 अगस्त को उनकी 21 वर्षीय पुत्री घर से बाहर शौच के लिए गई थी। आरोप है कि इसी दौरान दूसरे गांव के एक युवक ने उसे अपनी मीठी-मीठी बातों में फंसाया और जबरन अपनी गाड़ी में बैठा लिया। गाड़ी स्टार्ट होने की आवाज सुनकर जब पिता घर से बाहर निकले, तो उन्होंने देखा कि आरोपी युवक उनकी बेटी को गाड़ी में बैठाकर ले जा रहा था।
घटना के बाद परेशान पिता ने थानाध्यक्ष से अपनी पुत्री की जल्द से जल्द बरामदगी करने और आरोपी के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई करने की गुहार लगाई है।
थानाध्यक्ष का बयान:
मामले की जानकारी देते हुए थानाध्यक्ष सतेंद्र भाई पटेल ने बताया कि पीड़ित पिता की तहरीर पर आरोपी दिलशाद अहमद (पुत्र रहमान) के खिलाफ सुसंगत धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। युवती की सकुशल बरामदगी और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित कर संभावित ठिकानों पर तलाश की जा रही है।




