जौनपुर: शारीरिक चुनौतियों का सामना कर रहे बच्चों के जीवन में योग के माध्यम से सकारात्मक ऊर्जा का संचार करने के उद्देश्य से आज जौनपुर के बक्शा स्थित हर्षिता इंटरनेशनल दिव्यांग स्कूल में एक विशेष योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिलाधिकारी के आदेशानुसार और जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी दिव्या शुक्ला की देखरेख में सम्पन्न हुए इस कार्यक्रम ने साबित किया कि योग सभी के लिए है, और यह दिव्यांग बच्चों के समग्र विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।

सुबह से ही स्कूल परिसर में एक सकारात्मक ऊर्जा का माहौल था। नामित चिकित्सा अधिकारी बक्शा डॉ. विवेक द्विवेदी, योग प्रशिक्षक विवेक तिवारी और योग प्रशिक्षिका अनीता यादव ने इस पहल का नेतृत्व किया। संस्थान के प्रबंधक विनोद कुमार माली ने डॉ. विवेक द्विवेदी का बुके और दुपट्टा भेंट कर हार्दिक स्वागत किया। योग प्रशिक्षकों ने दिव्यांग बच्चों के साथ विभिन्न योग आसन और प्राणायाम का अभ्यास कराया, जिससे बच्चों के चेहरों पर मुस्कान और ऊर्जा का संचार दिखाई दिया। यह क्षण न केवल बच्चों के लिए, बल्कि उपस्थित सभी लोगों के लिए प्रेरणादायक था।
पूरा पढ़िए… ????


योग प्रशिक्षिका अनीता यादव ने इस अवसर पर योग के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा, “योग हर व्यक्ति के लिए अत्यंत आवश्यक है, चाहे वह सामान्य हो या दिव्यांग। योग करने से न केवल कई रोगों का निवारण होता है, बल्कि व्यक्ति शारीरिक रूप से स्वस्थ रहता है, बीमार कम पड़ता है, और शारीरिक स्वास्थ्य मन को भी प्रसन्न रखता है।” योग प्रशिक्षकों ने यह भी बताया कि दिव्यांग बच्चों के बीच योग कराने का यह उन्हें पहली बार अवसर मिला है, और वे अब हर महीने इन बच्चों को योग सिखाने के लिए स्कूल आते रहेंगे। यह घोषणा निश्चित रूप से बच्चों और उनके अभिभावकों के लिए एक बड़ी राहत और खुशी की बात है। इस दौरान संस्थान के उपाध्यक्ष राम अवतार माली, संचालक डॉ. प्रमोद कुमार सैनी सहित संदीप यादव, प्रदीप यादव, जितेंद्र मौर्या, जिलेदार विश्वकर्मा, मनोज माली, सोनम यादव, मंजू प्रजापति, पूनम उपाध्याय, प्रिया, शिवम सैनी, सत्या और समस्त स्टाफ के साथ-साथ सभी दिव्यांग बच्चे भी उपस्थित रहे।
Author: fastblitz24



