Fastblitz 24

जौनपुर में जमीनी विवाद खूनी: किसान की घर में घुसकर लाठी-डंडों से पीटकर हत्या, सात नामजद आरोपियों पर मुकदमा दर्ज

जौनपुर (नौपेड़वा) : बक्शा थाना क्षेत्र के गढ़ासेनी गांव में मंगलवार की शाम जमीनी विवाद ने खूनी रूप ले लिया, जहां 55 वर्षीय एक अधेड़ किसान को कथित तौर पर लाठी-डंडों से पीट-पीटकर मौत के घाट उतार दिया गया। इस बर्बर हत्याकांड के मामले में पुलिस ने देर रात मृतक के पुत्र की तहरीर पर सात नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। घटना के बाद से ही थानाध्यक्ष के नेतृत्व में पुलिस टीमें आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए रातभर जगह-जगह छापेमारी कर रही हैं।

मृतक कवलधारी सरोज के पुत्र आकाश कुमार सरोज ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि मंगलवार शाम करीब साढ़े छह बजे विपक्षी राहुल सरोज, धर्मेन्द्र सरोज, संतोष, जितेन्द्र सरोज, वीरेन्द्र सरोज, बृजेश और सद्दू योजनाबद्ध तरीके से उनके घर पहुंचे। आरोप है कि ये लोग राजस्व विभाग द्वारा की गई पत्थरगड्डी (जमीन की सीमांकन) को उखाड़ने लगे। जब उनके पिता कवलधारी सरोज ने इसका विरोध किया, तो आरोपियों ने उन्हें घेर लिया और गंदी-गंदी गालियां देते हुए जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद, लाठी-डंडों से लैस होकर उन पर हमला बोल दिया और घर में घुसकर उनके पिता कवलधारी सरोज की लाठी-डंडों एवं लात-घूसों से पीट-पीटकर हत्या कर दी। घटना के बाद परिजनों ने जिला प्रशासन और थाना पुलिस पर समय से कार्रवाई न करने का आरोप लगाते हुए शव को ले जाने से मना कर दिया। हालांकि, सूचना पाकर मौके पर पहुंचे एसडीएम सदर संतबीर सिंह और सीओ परमानन्द कुशवाहा ने समझा-बुझाकर शव को अपने कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए मर्चरी भेज दिया। बुधवार को मृतक के दोनों पुत्रों आकाश सरोज व राकेश का भी मेडिकल मुआयना कराया गया।

पूरा पढ़िए… ????

                इस जघन्य हत्याकांड ने स्थानीय प्रशासन और पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। मृतक कवलधारी के पुत्र आकाश सरोज ने रोते हुए बताया कि उनके पिता ने जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक, उपजिलाधिकारी और थाने में अब तक दर्जनों प्रार्थना पत्र दिए थे, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। आकाश का आरोप है कि बीते 9 जून को भी आरोपियों ने उनके खेत की मेड़ तोड़ी थी और मारपीट की थी। थाने पहुंचने पर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा तो दर्ज किया गया, लेकिन दोनों पक्षों को शांतिभंग में चालान कर दिया गया, जिससे आरोपियों के हौसले बुलंद हो गए। आकाश ने यह भी बताया कि घटना वाले दिन (मंगलवार) भी उन्होंने एसपी और एसडीएम को पुनः प्रार्थना पत्र दिया था, जिसमें राजस्व विभाग से रिपोर्ट मांगी गई थी, परन्तु शाम होते-होते आरोपियों ने उनके पिता को मौत के घाट उतार दिया। पुलिस अब इन आरोपों की भी जांच कर रही है और आरोपियों की जल्द से जल्द गिरफ्तारी का दावा कर रही है।

fastblitz24
Author: fastblitz24

Spread the love