जौनपुर : श्रावण मास के पावन अवसर पर जौनपुर शहर भगवान शिव के जयकारों से गूंज उठा। हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी ‘बोल बम कांवरिया संघ’ द्वारा एक भव्य कांवर शोभायात्रा का आयोजन किया गया, जिसमें न केवल श्रद्धालुओं का उत्साह चरम पर था, बल्कि स्वयं जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चन्द्र ने कांवर उठाकर आस्था का अद्भुत प्रदर्शन किया। यह यात्रा शहर के प्रमुख मार्गों से होती हुई निकली, जहां हर तरफ शिवभक्ति का अलौकिक दृश्य देखने को मिला।

शनिवार को श्रावण मास के पावन अवसर पर बोल बम कांवरिया संघ, जौनपुर ने एक भव्य कांवर शोभायात्रा का आयोजन किया। यात्रा का शुभारंभ हनुमान घाट स्थित चौरा माता मंदिर पर विधिवत पूजन-अर्चना के साथ हुआ, जिसमें संघ के संरक्षक संतोष सेठ और महासचिव विमल सिंह ने अपनी सहभागिता दी। प्रमुख समाजसेवी ज्ञानप्रकाश सिंह ने नारियल फोड़कर यात्रा को आगे बढ़ाया। इस वर्ष की यात्रा की सबसे खास बात यह रही कि जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चन्द्र ने हरी झंडी दिखाने के साथ-साथ स्वयं कांवर उठाकर शोभायात्रा को रवाना किया, जिससे श्रद्धालुओं में दोगुना उत्साह भर गया।
पूरा पढ़िए… 👇


यात्रा की भव्यता देखते ही बनती थी, जिसमें हाथी, घोड़े, डीजे और आकर्षक झांकियां शामिल थीं। भगवान शिव की विविध मुद्राओं में सजी झांकियों ने भक्तों का मन मोह लिया और ‘हर हर महादेव’ के जयघोष से पूरा शहर शिवमय हो गया। यह शोभायात्रा नगर के प्रमुख मार्गों, सद्भावना पुल, कजगाँव पड़ाव, ओलन्दगंज, शाही पुल, चहारसू चौराहा और कोतवाली चौराहा से होकर गुजरी। कोतवाली चौराहे पर शहर कोतवाल मिथिलेश कुमार मिश्रा और उनकी पुलिस टीम ने पुष्पवर्षा कर कांवरियों का भव्य स्वागत किया। इसके बाद, यात्रा सब्जी मंडी, सुतहट्टी बाजार से होते हुए भंडारी स्टेशन पहुंची, जहां दोपहर 12:30 बजे फरक्का ट्रेन से कांवरियों को रवाना किया गया। पूरे मार्ग में महिलाओं ने अपने घरों की छतों से पुष्पवर्षा कर भक्तों का अभिनंदन किया।
Author: fastblitz24



