जौनपुर: क्षेत्र के गैरीकला गांव से मंदिर में दर्शन-पूजन करने गई 15 वर्षीय किशोरी के संदिग्ध परिस्थितियों में लापता होने का मामला सामने आया है। काफी खोजबीन के बाद भी जब पुत्री का कोई सुराग नहीं लगा, तो पीड़िता मां ने थाने पहुंचकर पुलिस को लिखित तहरीर देकर अपनी बेटी की तलाश करने की गुहार लगाई है।
अज्ञात युवक के साथ जाने की आशंका थाने में दी गई तहरीर के अनुसार, पीड़िता ने बताया कि बीते 10 अगस्त को उनकी 15 वर्षीय पुत्री मोटरसाइकिल लेकर करशूलनाथ मंदिर में दर्शन-पूजन करने गई थी, लेकिन उसके बाद वह घर वापस नहीं लौटी। परिजनों ने अपनी स्तर पर काफी खोजबीन की, किंतु किशोरी का कहीं कोई पता नहीं चला। पीड़िता मां ने आशंका जताई है कि उनकी बेटी को कोई अज्ञात युवक बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है।
पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है।
“पीड़ित महिला द्वारा दी गई तहरीर के आधार पर अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी (FIR) दर्ज कर ली गई है। पुलिस की एक टीम का गठन कर लापता किशोरी की सरगर्मी से तलाश की जा रही है।” — सतेंद्र भाई पटेल, थानाध्यक्ष




