पैसे के विवाद में युवक को चाकू से गोदा, कुख्यात बदमाश राजा सिंह पर लगा हत्या का आरोप
मोतिहारी। बिहार के मोतिहारी शहर में देर रात पैसे के लेनदेन को लेकर हुए एक विवाद ने खूनी रूप ले लिया, जिसमें एक युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। इस घटना के बाद इलाके में तनाव फैल गया।

जानकारी के मुताबिक, यह वारदात नगर थाना क्षेत्र के बनियापट्टी में हुई। राजन कुमार नाम के युवक को सोनरपट्टी के कुख्यात बदमाश राजा सिंह और उसके साथियों ने चाकू मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। इलाज के दौरान राजन ने दम तोड़ दिया, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस के शुरुआती जांच में सामने आया है कि यह घटना आपसी पैसे के लेन-देन के विवाद का नतीजा है।
पूरा पढ़िये 👇


राजा सिंह का आपराधिक इतिहास काफी पुराना रहा है। राजन की हत्या की खबर मिलते ही मृतक के सहयोगियों में आक्रोश भड़क उठा और उन्होंने गुस्से में राजा सिंह की गाड़ी में आग लगा दी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। एसडीपीओ और एसएचओ मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया।
पुलिस ने इस मामले में अब तक 11 लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। वहीं, फायर ब्रिगेड को बुलाकर गाड़ी में लगी आग को बुझाया गया। इलाके में फिलहाल स्थिति सामान्य बताई जा रही है, लेकिन तनावपूर्ण माहौल बरकरार है।
पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात ने अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए सख्त निर्देश जारी किए हैं और राजा सिंह की गिरफ्तारी के लिए एक विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया है। राजा सिंह की गिरफ्तारी के लिए 25 हजार रुपये के इनाम की घोषणा भी की गई है। पुलिस ने साफ चेतावनी दी है कि यदि राजा सिंह 24 घंटे के भीतर आत्मसमर्पण नहीं करता है, तो उसकी संपत्ति की कुर्की के लिए न्यायालय में आवेदन दिया जाएगा।
Author: fastblitz24



