Fastblitz 24

अपराधियों ने दो को मारी गोली, एक की मौत; पुलिस ने एक आरोपी को दबोचा

रोहतासबिहार के रोहतास जिले में मंगलवार देर शाम अपराधियों ने अलग-अलग थाना क्षेत्रों में दो लोगों को गोली मारकर दहशत फैला दी। इन घटनाओं में एक व्यक्ति ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया, जबकि दूसरा अभी जिंदगी की जंग लड़ रहा है। पुलिस ने एक मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

 

पहली घटना सासाराम मुफस्सिल थाना क्षेत्र के जयपुर गांव की है। मंगलवार की देर शाम, बाइक सवार दो हथियारबंद अपराधियों ने विक्रमा सिंह को उनके घर के दरवाजे पर ही गोली मार दी। गोली सीधे विक्रमा के सीने में लगी, जिसके बाद उन्हें आनन-फानन में जमुहार स्थित नारायण मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। दुर्भाग्यवश, इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। घटना की सूचना मिलते ही अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी दिलीप कुमार अपने दल के साथ मेडिकल कॉलेज पहुंचे और पीड़ित परिवार से पूछताछ करते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।

पूरा पढ़िये 👇

दूसरी घटना काराकाट थाना क्षेत्र के कौपा गांव से सामने आई है। यहां अपराधियों ने रंजीत पासवान नामक एक किसान को गोली मारकर घायल कर दिया। हालांकि, घायल किसान खतरे से बाहर बताया जा रहा है और उसका इलाज जारी है। पीड़ित परिवार का आरोप है कि गांव का ही संतोष पांडे नामक व्यक्ति मोटर चोरी का आरोप लगाते हुए लगातार उन्हें गोली मारने की धमकी दे रहा था। साथ ही, वह खेत में काम करने का भी दबाव बना रहा था।

 

रोहतास पुलिस अधीक्षक रौशन कुमार ने दोनों घटनाओं की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि काराकाट थाना क्षेत्र के कौपा गांव में हुई वारदात में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना में प्रयुक्त हथियार और वाहन के साथ एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, विक्रमा सिंह की मौत के मामले में शामिल अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। इन वारदातों ने जिले में कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं, और पुलिस अपराधियों को जल्द से जल्द पकड़ने का दावा कर रही है।

 

fastblitz24
Author: fastblitz24

Spread the love