Fastblitz 24

जौनपुर पुलिस के हत्थे चढ़े अंतरजनपदीय वाहन चोर, 6 बाइक और एक मोबाइल बरामद

जौनपुर: कोतवाली पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए तीन शातिर अंतरजनपदीय वाहन चोरों को गिरफ्तार किया है। इनकी गिरफ्तारी से पुलिस ने चोरी की छह मोटरसाइकिलें और लूट का एक मोबाइल फोन बरामद किया है। इन चोरों का गिरोह जौनपुर के साथ-साथ प्रतापगढ़ जैसे अन्य जिलों में भी सक्रिय था।

यह मामला तब सामने आया जब प्राची सिंह नामक एक युवती ने 16 अगस्त को अपनी बहन के साथ मंदिर जाते समय एक सफेद अपाचे सवार व्यक्ति द्वारा मोबाइल छीनने की शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।

पूरा पढ़िये 👇

प्रभारी निरीक्षक विश्वनाथ प्रताप सिंह के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई, जो लगातार चोरों की तलाश में जुटी थी। इसी दौरान, पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि एक संगठित गिरोह तारापुर कॉलोनी में चोरी की मोटरसाइकिलें बेचने की फिराक में है।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तारापुर कॉलोनी में एक सुनसान गली में झाड़ियों के पास घेराबंदी की और तीन चोरों को धर दबोचा। पूछताछ में उनकी पहचान अनुराग यादव (जौनपुर), रोहित वर्मा (प्रतापगढ़) और अंकित यादव (प्रतापगढ़) के रूप में हुई।

गिरफ्तार आरोपियों ने स्वीकार किया कि उन्होंने पुलिस लाइन, सिटी स्टेशन, नौपेडवा बाजार, तारापुर कॉलोनी और नईगंज जैसे विभिन्न स्थानों से मोटरसाइकिलों की चोरी की थी। उन्होंने बताया कि पकड़े जाने के डर से उन्होंने कई बाइकों की नंबर प्लेट हटा दी थी और एक बाइक का चेसिस नंबर भी घिस दिया था।

इस गिरफ्तारी के साथ ही, पुलिस ने जौनपुर के कोतवाली, बक्सा और लाइन बाजार थानों में दर्ज कई चोरी और लूट के मामलों को सुलझा लिया है। गिरफ्तार किए गए तीनों आरोपियों का चालान कर उन्हें न्यायालय में पेश किया जा रहा है।

इस महत्वपूर्ण गिरफ्तारी को अंजाम देने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक विश्वनाथ प्रताप सिंह, उपनिरीक्षक सुनील यादव, उपनिरीक्षक आलोक त्रिपाठी, हेड कांस्टेबल मनोज गिरी, अवनीश दूबे और कांस्टेबल विनय सिंह, सौरभ यादव, अखिलेश, राजीव नयन त्रिवेदी, आनंद कुमार और सुधीर कुमार शामिल थे।

 

fastblitz24
Author: fastblitz24

Spread the love

यह भी पढ़ें

टॉप स्टोरीज