हरियाणा . एसीपी दिनेश कुमार ने भारी विवाद के बाद अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स से बुलडोज़र एक्शन वाला वीडियो हटा लिया है। वीडियो में वो सड़क किनारे मौजूद सब्जी की दुकानों को हटवाते नजर आ रहे हैं। इसे लेकर युवा कांग्रेस अध्यक्ष समेत कई लोगों ने पुलिस अफसर की भारी आलोचना की थी। कहा गया कि गरीब सब्जीवालों पर अत्याचार किया जा रहा है।

स्थानीय मीडिया के मुताबिक घटना बहादुरगढ़ के पटेल नगर 200 फुटा रोड पर शुक्र बाजार की है। वीडियो में एक बुलडोज़र जमीन पर लगाई गई सब्जी के दुकानों को उजाड़ता नजर आ रहा है। इस दौरान एसीपी दिनेश कुमार बुलडोज़र चलाने वाले को निर्देश देते दिख रहे हैं। जब दुकान वाले अपनी दुकानों के बचाने के लिए आगे आते हैं तो एसीपी दिनेश कुमार उन्हें टोकते दिख रहे हैं।


मामले पर बहादुरगढ़ के डीसीपी मयंक मिश्रा की भी प्रतिक्रिया आई हैण् उन्होंने बताया कि वीडियो की जांच करने पर पता चला कि ये पटेल नगर इलाके का है। उन्होंने कहा कि रोड जाम की काफी शिकायतों और अतिक्रमण की खबरों के बाद पुलिस की टीम वहां पहुंची थी। हालांकि इरादा सही था लेकिन तरीका गलत था। डिपार्टमेंट की ये पॉलिसी नहीं है। ये निजी चूक है। ऐसे में उन्हें आगे के लिए सतर्क रहने के लिए कहा गया है। बहादुरगढ़ और झज्जर पुलिस पूरी संवेदनशीलता के साथ कानूनी व्यवस्था बनाए रखेगी।
दैनिक भास्कर की खबर के मुताबिक एसीपी दिनेश कुमार ने दावा किया कि बीते छह महीनों से वो दुकानदारों को समझा रहे थे। उन्हें सेक्टर 2 और सेक्टर 6 के पास जमीन मुहैया कराई गई थी। लेकिन इसके बावजूद वो मानने को तैयार नहीं थे उनका कहना है कि इसीलिए उन्हें कार्रवाई करनी पड़ी। बताया जा रहा है कि अब पुलिस विभाग अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म से भी वीडियो हटवाने में जुटा है।
Author: fastblitz24



