70 वर्ष से अधिक आयु के 76 हजार सेज्यादा लाभार्थियों को मिला लाभ, विशेष अभियान से बढ़ी रफ्तार
जौनपुर
जिलाधिकारी डा. दिनेश चन्द्र ने बताया कि जनपद में आयुष्मान भारत योजना के तहत आयुष्मान कार्ड बनाने का कार्य तेजी से जारी है। 70 वर्ष से अधिक आयु के लाभार्थियों के अब तक 76,417 आयुष्मान कार्ड बनाए जा चुके हैं, जिसके चलते जौनपुर को प्रदेश स्तर पर दूसरा स्थान प्राप्त हुआ है।
जनपद में कुल मिलाकर अब तक 13,68,270 आयुष्मान कार्ड बनाए जा चुके हैं। वहीं विशेष ड्राइव के दौरान 91,954 कार्ड बनाकर जनपद ने प्रदेश में तीसरा स्थान हासिल किया है।
जिलाधिकारी के निर्देश पर आयुष्मान कार्ड बनाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान की रोजाना समीक्षा मुख्य विकास अधिकारी और मुख्य चिकित्सा अधिकारी द्वारा की जा रही है, जिससे कार्य में लगातार सुधार हो रहा है।
ब्लॉक स्तर पर धर्मापुर, जलालपुर और मुफ्तीगंज में सबसे अधिक आयुष्मान कार्ड बनाए गए हैं।
इसके अलावा जनपद में अब तक 1,45,899 लाभार्थियों का उपचार आयुष्मान योजना के तहत किया जा चुका है, जिस पर कुल 260.48 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं।
जिलाधिकारी ने आमजन से अपील की है कि पात्र व्यक्ति जल्द से जल्द आयुष्मान कार्ड बनवाकर इस योजना का अधिकतम लाभ उठाएं।

Author: fastblitz24



