Fastblitz 24

खाकी का मानवीय चेहरा: घरेलू कलह की ‘दीवार’ ढही, पुलिस की पहल पर फिर एक हुए तीन हंसते-खेलते परिवार

⊕​‘बहू-बेटी सम्मेलन’ में उमड़ा विश्वास: महिला सुरक्षा संगठन की सकारात्मक काउंसलिंग रंग लाई; कड़वाहट भूलकर विदा हुईं तीन बेटियां, पुलिस ने दी सुखद भविष्य की शुभकामनाएं

 

जौनपुर, 23 जून। यह समाचार सिर्फ शासन की मंशा या नवागत एसएसपी और अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण की प्राथमिकताओं तथा पुलिस के सामाजिक सरोकारों से ही नहीं जुड़ा है, बल्कि सही अर्थों में देखा जाए तो पुलिस द्वारा किया गया यह अनूठा प्रयास पुलिसिंग के मूलभूत सिद्धांतों को प्रतिपादित करता है। यानी समस्या की जो असली ताकत है, उसे ही जड़ से खत्म कर दो, तो अपराध और अप्रिय घटनाएं स्वतः रुक जाएंगी।

​इसी दूरगामी सोच के अंतर्गत आज जनपद जौनपुर में महिला सशक्तिकरण एवं पारिवारिक सौहार्द को बढ़ावा देने के उद्देश्य से एक भव्य ‘बहू-बेटी सम्मेलन’ का आयोजन किया गया। इस विशेष सम्मेलन का मुख्य एजेंडा समाज में आधी आबादी की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को सुदृढ़ करना तथा मामूली घरेलू विवादों और आपसी अहं के कारण बिखर रहे परिवारों को संवाद के मंच पर लाकर पुनः जोड़ना रहा। मिशन शक्ति केंद्रों के माध्यम से आयोजित इस प्रकार के कार्यक्रमों का सीधा उद्देश्य महिलाओं के प्रति होने वाली हिंसा, मानसिक प्रताड़ना व घरेलू कलह में प्रभावी कमी लाना है।

काउंसलर्स की समझाइश आई काम, टूटते रिश्ते बचे

​सम्मेलन के दौरान महिला एवं बाल सुरक्षा संगठन की टीम और अनुभवी काउंसिलरों द्वारा बेहद सराहनीय व अथक प्रयास किए गए। टीम ने कोर्ट-कचहरी और थानों के चक्कर काट रहे, पारिवारिक विवादों से जूझ रहे कई जोड़ों व उनके परिजनों की गहन काउंसलिंग की। घंटो चली समझाइश और सकारात्मक मध्यस्थता के परिणामस्वरूप एक बड़ा चमत्कार देखने को मिला। तीन अलग-अलग परिवार अपने पुराने मनमुटाव, आपसी कड़वाहट और मुकदमों के विवादों को पूरी तरह भुलाकर पुनः एक साथ प्रेमपूर्वक रहने के लिए सहर्ष तैयार हो गए।

थाने से नम आंखों के साथ विदा हुईं खुशियां

​आपसी सहमति बनने के उपरांत, प्रभारी महिला एवं बाल सुरक्षा संगठन (जनपद जौनपुर) की अगुवाई में एक बेहद भावुक और गरिमामयी माहौल बना। समस्त पुलिस टीम, सम्मानित काउंसलर्स तथा दोनों पक्षों के परिवारजनों की मौजूदगी में तीनों परिवारों और महिलाओं की ससम्मान विदाई कराई गई। जो जोड़े कभी एक-दूसरे का मुंह नहीं देखना चाहते थे, वे आज मुस्कुराते हुए विदा हुए। इस मौके पर पुलिस प्रशासन के आला अधिकारियों ने इन परिवारों को उपहार और मिठाई भेंट कर उनके सुखद व उज्जवल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। स्थानीय प्रबुद्ध वर्ग ने पुलिस के इस सामाजिक और सुधारात्मक कदम की जमकर सराहना की है।

fastblitz24
Author: fastblitz24

Spread the love

यह भी पढ़ें

टॉप स्टोरीज