शिवपुर के भवानीपुर में समाजवादी मजदूर सभा की ‘मजदूर पंचायत’ में गरजी सपा, 2027 के महासंग्राम के लिए 1 करोड़ मजदूरों को जोड़ने का लिया संकल्प

वाराणसी/जौनपुर (विशेष सवाददाता)।

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के निर्देशानुसार पूरे प्रदेश में चलाए जा रहे अभियान के तहत आज वाराणसी के शिवपुर विधानसभा क्षेत्र के ग्राम भवानीपुर में ‘मजदूर पंचायत’ का भव्य आयोजन किया गया। इस पंचायत में सपा नेताओं ने केंद्र व प्रदेश की भाजपा सरकार पर जमकर प्रहार किया और मजदूरों के अधिकारों के हनन का आरोप लगाया।


भाजपा के नए लेबर कोड उद्योगपतियों के हितैषी, मजदूरों के शोषक
मजदूर पंचायत के वाराणसी प्रभारी व समाजवादी मजदूर सभा के राष्ट्रीय महासचिव डॉ. अमित यादव ने मुख्य अतिथि के रूप में बोलते हुए कहा कि भाजपा की डबल इंजन सरकार देश के विकास की रीढ़ कहे जाने वाले मजदूरों का दुगनी रफ्तार से शोषण कर रही है। उन्होंने नए लेबर कोड पर तीखा हमला बोलते हुए कहा, “भाजपा सरकार नए कानूनों के जरिए मजदूरों के अधिकारों का हनन कर उन्हें उद्योगपतियों का बंधुआ मजदूर बनाना चाहती है। देश का मजदूर कोई कमजोर वर्ग नहीं, बल्कि देश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ है। जब तक मजदूर मजबूत नहीं होगा, देश मजबूत नहीं हो सकता।”
मिशन 2027: एक करोड़ मजदूरों को सपा से जोड़ने का लक्ष्य
डॉ. अमित यादव ने चुनावी बिगुल फूंकते हुए एलान किया कि आगामी 2027 के विधानसभा चुनावों से पहले समाजवादी मजदूर सभा ने पूरे उत्तर प्रदेश में एक करोड़ मजदूरों को समाजवादी पार्टी की नीतियों से जोड़कर मजबूत फौज खड़ी करने का लक्ष्य रखा है। उन्होंने उपस्थित जनसमूह को एकजुट होकर अपने अधिकारों के लिए आवाज बुलंद करने का आह्वान किया।
मजदूर पंचायत में गूंजे 4 बड़े संकल्प:
पंचायत के दौरान सपा नेताओं और मजदूरों ने मिलकर शोषण के खिलाफ आर-पार की लड़ाई लड़ने के लिए चार प्रमुख संकल्प लिए:
- हर मजदूर को सम्मानजनक और उचित मजदूरी का अधिकार मिले।
- श्रमिकों और उनके परिवारों के लिए बेहतर स्वास्थ्य, मुफ्त शिक्षा और सुरक्षा की गारंटी हो।
- ठेका प्रथा और कार्यस्थलों पर होने वाले शोषण के खिलाफ सख्त कानूनी कदम उठाए जाएं।
- युवाओं के लिए रोजगार और सभी श्रेणी के मजदूरों के लिए सामाजिक सुरक्षा सुनिश्चित की जाए।
वरिष्ठ नेताओं की रही गरिमामयी मौजूदगी
इस महत्वपूर्ण मजदूर पंचायत की अध्यक्षता समाजवादी मजदूर सभा के जिला अध्यक्ष जय सिंह यादव ‘टाइगर’ ने की, जबकि कुशल संचालन जिला महासचिव धनंजय साहनी द्वारा किया गया। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में पार्षद श्री गोविंद सिंह पटेल और जिला पंचायत सदस्य श्री शम्भु यादव उपस्थित रहे, जिन्होंने कार्यकर्ताओं में नया जोश भरा।
इस अवसर पर मुख्य रूप से अरुण कुमार मौर्य, डी.एन. गुप्ता, प्यारेलाल, मुन्ना लाल यादव, श्याम प्रकाश, केशव यादव, विष्णु प्रसाद यादव, मगरू, विशाल सहित भारी संख्या में स्थानीय ग्रामीण, श्रमिक और समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता मौजूद रहे।
Author: fastblitz24
