संसारापुर गांव में पारिवारिक विवाद ने लिया खूनी रूप; बीच-बचाव करने पहुंची पुलिस टीम पर भी हमला, सिपाही घायल
भदोही (गोपीगंज) |
कोतवाली क्षेत्र के कसीदहा चौकी अंतर्गत संसारापुर गांव में गुरुवार देर रात पारिवारिक विवाद ने खूनी रूप ले लिया। मामूली बात पर हुए झगड़े में बड़े भाइयों ने अपने ही सगे छोटे भाई की धारदार हथियार से हमला कर बेरहमी से हत्या कर दी। मृतक 35 वर्षीय संजय सरोज पुत्र मेहीलाल सरोज, चार भाइयों में सबसे छोटा था और कमाने के लिए मुंबई में रहता था। वह महज दो दिन पहले (24 जून को) ही गांव लौटा था। घटना के बाद से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। तनाव को देखते हुए गांव में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।

सुअर मारने वाले हथियार ‘हीकनी’ से किया सीने पर वार
जानकारी के अनुसार, गुरुवार की रात परिवार के सदस्यों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर बड़े भाई राजेन्द्र उर्फ गोली सरोज, ललऊ और अन्य परिजनों ने मिलकर संजय पर हमला कर दिया। आरोपियों ने सुअर मारने में इस्तेमाल होने वाले बेहद धारदार हथियार ‘हीकनी’ से संजय के सीने पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। हमला इतना घातक था कि अत्यधिक खून बह जाने के कारण संजय की मौके पर ही तड़प-तड़प कर मौत हो गई।


बीच-बचाव करने पहुंची पुलिस पर भी हमला, मोबाइल तोड़ा
संसारापुर गांव में हुए इस खूनी संघर्ष की सूचना मिलते ही पीआरबी (पुलिस रिस्पॉन्स व्हीकल) की टीम मौके पर पहुंची। चर्चा है कि आक्रोशित आरोपियों ने पुलिस टीम को भी नहीं बख्शा और उन पर भी हमला कर दिया। इस हमले में पीआरबी कर्मचारी वीरेन्द्र कुमार द्विवेदी को हल्की चोटें आई हैं, वहीं उनका सरकारी मोबाइल भी क्षतिग्रस्त हो गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए क्षेत्राधिकारी (CO) चमन सिंह चावड़ा भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मासूम बच्चों के सिर से उठा पिता का साया, परिवार पर रोजी-रोटी का संकट
मृतक संजय अपने पीछे पत्नी सावित्री देवी और तीन छोटे बच्चों—दीपक (10 वर्ष), राखी (8 वर्ष) और सूरज (5-6 वर्ष) को रोता-बिलखता छोड़ गया है। परिजनों ने बताया कि संजय ही पूरे परिवार में एकमात्र कमाने वाला सदस्य था, जो मुंबई में रहकर बच्चों का पेट पालता था। उसकी मौत के बाद अब मासूम बच्चों के भरण-पोषण का संकट खड़ा हो गया है। पीड़ित परिवार ने शासन-प्रशासन से आर्थिक सहायता की गुहार लगाते हुए दोषियों को फांसी की सजा देने की मांग की है।
पत्नी की तहरीर पर तीन के खिलाफ केस दर्ज, आरोपियों की तलाश जारी
पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए मृतक की पत्नी सावित्री देवी की तहरीर पर मुख्य आरोपी बड़े भाई राजेन्द्र उर्फ गोली सरोज, ललऊ तथा चंदा देवी के खिलाफ हत्या सहित संबंधित गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है, जल्द ही सभी सलाखों के पीछे होंगे।
Author: fastblitz24

