Fastblitz 24

शिक्षा में युवा नेतृत्व और संवैधानिक मूल्यों पर मंथन, ‘चैंपियन शिक्षकों’ का हुआ सम्मान

खेतासराय (जौनपुर)। आसमा इंटर कॉलेज, परा कमाल में रविवार को ‘बियॉन्ड राइट एंड रॉन्ग: यूथ लीडरशिप इज़ चेंजिंग द गेम’ विषयक संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। आज़ाद शिक्षा केंद्र, सीवाईसी (नई दिल्ली) और वार्तालीप (नई दिल्ली) के संयुक्त तत्वावधान में हुए इस कार्यक्रम में शिक्षा, युवा नेतृत्व और संवैधानिक मूल्यों की महत्ता पर व्यापक चर्चा हुई।

संविधान प्रदर्शनी बनी आकर्षण का केंद्र

कार्यक्रम का आगाज संविधान, इसके निर्माण की प्रक्रिया और संविधान सभा के सदस्यों के विचारों पर आधारित प्रदर्शनी के उद्घाटन के साथ हुआ। कॉलेज के प्रबंधक डॉ. अब्दुल वाहिद कासमी और इरफान जौनपुरी ने फीता काटकर प्रदर्शनी का उद्घाटन किया। प्रतिभागियों ने प्रदर्शनी का अवलोकन कर संवैधानिक मूल्यों को गहराई से समझा।

सीमित सोच से आगे बढ़ने की जरूरत: डॉ. कासमी

उद्घाटन सत्र में डॉ. अब्दुल वाहिद कासमी ने कहा कि “सही और गलत के पार” का विषय हमें सीमित सोच से निकलकर व्यापक संवाद की ओर ले जाता है। उन्होंने शिक्षकों और छात्रों के बीच बेहतर तालमेल की पैरवी की। वहीं, मुख्य वक्ता डॉ. फखरुद्दीन कासमी ने युवाओं को देश की रीढ़ बताया। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण पर जोर देते हुए जल संरक्षण और अधिक से अधिक वृक्षारोपण का संकल्प लेने का आह्वान किया।

शिक्षा का उद्देश्य सिर्फ रोजगार नहीं: सुरेंद्र मिश्रा

शिक्षाविद् सुरेंद्र मिश्रा ने कहा कि शिक्षा का दायरा केवल परीक्षा और रोजगार तक सीमित नहीं है, बल्कि यह विद्यार्थी के सर्वांगीण विकास का माध्यम है। उन्होंने पाठ्यक्रम में संवैधानिक मूल्यों, सामाजिक उत्तरदायित्व और राष्ट्रप्रेम को व्यवहारिक रूप से शामिल करने पर जोर दिया।

इन शिक्षकों को मिला ‘चैंपियन एजुकेटर’ सम्मान

कार्यक्रम के दौरान पैनल चर्चा में शिक्षा को और अधिक सहभागी बनाने के तरीकों पर मंथन हुआ। अंत में शैक्षणिक क्षेत्र में विशेष योगदान देने वाले शिक्षकों को सम्मानित किया गया। ‘चैंपियन एजुकेटर’ सम्मान पाने वालों में मुख्य रूप से शामिल रहे:

  • सुरेंद्र मिश्रा (प्रवक्ता, वासुदेव तपेश्वरी इंटर कॉलेज)
  • मिर्जा जरयाब बेग एवं शिशिर कुमार यादव (प्रवक्ता, सर सैयद अहमद इंटर कॉलेज)
  • सैयद मुसर्रत मखदूम (शिक्षक, मॉडर्न कॉन्वेंट स्कूल)
  • सबी फातिमा (शिक्षिका, अब्दुल अज़ीज़ अंसारी डिग्री कॉलेज)
  • डॉ. पीयूष श्रीवास्तव (सहायक प्रोफेसर, फरीदुल हक मेमोरियल पीजी कॉलेज)

​कार्यक्रम का संचालन और आभार प्रदर्शन आज़ाद शिक्षा केंद्र के निदेशक निसार अहमद ने किया। इस दौरान तारिक सफीक, मोहम्मद अकरम समेत बड़ी संख्या में प्रबुद्धजन और विद्यार्थी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के समापन पर सभी प्रतिभागियों ने पर्यावरण व संवैधानिक मूल्यों को जीवन में उतारने का लिखित संकल्प भी लिया।

fastblitz24
Author: fastblitz24

Spread the love

यह भी पढ़ें

टॉप स्टोरीज