Fastblitz 24

जौनपुर: दिवंगत कार्यकर्ता  परिवारों के घावों पर मरहम, अखिलेश यादव ने दी 1-1 लाख की आर्थिक सहायता

सपा जिलाध्यक्ष राकेश मौर्य ने कहा— ‘समाजवादी परिवार दुख की हर घड़ी में पीड़ित के साथ खड़ा है’

जौनपुर: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने जौनपुर में दो दिवंगत परिवारों को बड़ी राहत पहुंचाई है। पार्टी के निर्देशों के अनुपालन में, जौनपुर के दो पीड़ित परिवारों को एक-एक लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की गई है। यह कदम दुख की घड़ी में पार्टी की संवेदना और जिम्मेदारी को दर्शाता है।

लूट के बाद हत्या का शिकार हुए बूथ अध्यक्ष के परिजनों को मदद

जफराबाद विधानसभा क्षेत्र के ग्राम गोसाईपुर निवासी समाजवादी पार्टी के बूथ अध्यक्ष स्व. प्रेमचंद यादव की कुछ समय पूर्व लूट के बाद हत्या कर दी गई थी। इस दुखद घटना से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा था। सपा जिलाध्यक्ष राकेश मौर्य ने स्व. यादव के आवास पर पहुंचकर उनकी पत्नी निशा देवी को एक लाख रुपये का चेक सौंपा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि संकट की इस घड़ी में पूरा समाजवादी परिवार उनके साथ है और हर संभव सहयोग के लिए तत्पर है।

चाइनीज मांझे से जान गंवाने वाले डॉ. समीर के पिता को दी आर्थिक संबल

दूसरी ओर, केराकत नगर पंचायत निवासी डॉ. समीर हाशमी की दुखद मृत्यु चाइनीज मांझे की चपेट में आने से हो गई थी। इस असमय निधन से परिवार गहरे सदमे में था। केराकत विधानसभा क्षेत्र में आयोजित कार्यक्रम के दौरान, क्षेत्र की सांसद प्रिया सरोज और जिलाध्यक्ष राकेश मौर्य ने डॉ. समीर के पिता मुकीम अहमद को अखिलेश यादव की ओर से भेजी गई एक लाख रुपये की आर्थिक सहायता सौंपी। सांसद प्रिया सरोज ने कहा कि ऐसी घटनाओं से समाज को सबक लेने की जरूरत है और सपा परिवार मृतक के परिजनों के साथ खड़ा है।

अनेक पदाधिकारी रहे मौजूद

चेक वितरण के दौरान पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और पदाधिकारियों की भारी उपस्थिति रही। जफराबाद में पूर्व जिलाध्यक्ष डॉ. अवधनाथ पाल, जिला महासचिव आरिफ हबीब, राजेंद्र यादव ‘टाइगर’, आलोक त्रिपाठी, रत्नाकर चौबे और अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे। वहीं, केराकत में सांसद प्रिया सरोज के साथ पूर्व प्रत्याशी संजय सरोज, जिला उपाध्यक्ष सुरेश यादव, महिला सभा जिलाध्यक्ष शर्मिला रमेश, राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश अहीर, जिला सचिव गुलाब यादव, नगर अध्यक्ष आजाद कुरैशी समेत अनेक कार्यकर्ता उपस्थित थे।

​इस सहायता वितरण की जानकारी जिला महासचिव आरिफ हबीब ने दी। उन्होंने बताया कि पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव संवेदनशील मुद्दों पर लगातार नजर रखते हैं और पीड़ित परिवारों को संबल प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।

fastblitz24
Author: fastblitz24

Spread the love

यह भी पढ़ें

टॉप स्टोरीज