सरायख्वाजा पुलिस की कार्रवाई: मुखबिर की सूचना पर कोईरीडीहा चौराहे के पास से दबोचा गया आरोपी

जौनपुर। जिले के थाना सरायख्वाजा क्षेत्र में महिला उत्पीड़न और आत्महत्या के लिए उकसाने के मामले में फरार चल रहे एक आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। प्रभारी निरीक्षक अमरेन्द्र कुमार पाण्डेय के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुखबिर की सटीक सूचना पर घेराबंदी करते हुए आरोपी को कोईरीडीहा चौराहे के पास से पकड़ा। गिरफ्तार आरोपी को कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद न्यायालय के समक्ष पेश कर जेल भेज दिया गया है।

क्या था मामला?
थाना सरायख्वाजा में बीते दिनों महिला उत्पीड़न और आत्महत्या के मामले में मुकदमा संख्या 362/2026 दर्ज किया गया था। इस मामले में धारा 85, 108 और 3(5) बीएनएस के तहत आरोपी अजीत कुमार यादव पुत्र बिरेन्द्र यादव, निवासी नरौली, थाना सरायख्वाजा, जौनपुर वांछित चल रहा था। घटना के बाद से ही आरोपी पुलिस की पकड़ से दूर था।


पुलिस टीम की तत्परता
आरोपी की तलाश में जुटी थाना सरायख्वाजा पुलिस को सूचना मिली कि वह कोईरीडीहा चौराहे के पास मौजूद है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में थाना प्रभारी अमरेन्द्र कुमार पाण्डेय के साथ आरक्षी उत्कर्ष सिंह, आरक्षी गुप्ता मन्टू सदानन्द और आरक्षी सोनू यादव शामिल रहे। पुलिस ने आरोपी का चालान कर उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
Author: fastblitz24


