तेजीबाजार के करछुली गांव में पारिवारिक विवाद ने लिया हिंसक रूप
पुलिस ने आरोपी जेठ के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर शुरू की जांच
तेजीबाजार (जौनपुर)। तेजीबाजार थाना क्षेत्र के करछुली गांव में दूध के पैसे और मोबाइल फोन को लेकर शुरू हुआ पारिवारिक विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। आरोप है कि विवाद के दौरान एक व्यक्ति ने अपनी देवरानी के सिर पर ईंट से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। घायल महिला को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल जौनपुर रेफर किया गया है। पुलिस ने पीड़ित पक्ष की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी गई तहरीर के अनुसार करछुली गांव निवासी दीपू सिंह ने आरोप लगाया कि सोमवार सुबह उनकी भाभी प्रिया सिंह, पत्नी विजय सिंह, की दूध के बकाया पैसे और मोबाइल फोन को लेकर बड़े भाई दिनेश सिंह, पुत्र स्व. राजाराम सिंह, से कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दिनेश सिंह ने कथित तौर पर जान से मारने की नीयत से ईंट उठाकर प्रिया सिंह के सिर पर वार कर दिया।
हमले में प्रिया सिंह का सिर फट गया और वह लहूलुहान होकर मौके पर ही बेहोश होकर गिर पड़ी। सूचना मिलने पर पहुंची एंबुलेंस ने घायल महिला को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नौपेडवा पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला अस्पताल जौनपुर रेफर कर दिया।
पीड़ित पक्ष का आरोप है कि घटना के दौरान आरोपी ने गाली-गलौज करते हुए परिवार के अन्य सदस्यों को भी जान से मारने की धमकी दी।
थानाध्यक्ष सत्येंद्र भाई पटेल ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर आरोपी दिनेश सिंह के विरुद्ध सुसंगत धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है तथा आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Author: fastblitz24



