परिजनों को बेहोश कर भागी किशोरी बरामद
आगरा। कच्ची उम्र की दोस्ती में शाहगंज क्षेत्र निवासी एक किशोरी ने शनिवार रात घर छोड़ दिया। घर से भागने के लिए किशोरी ने परिजनों की चाय में नींद की गोलियां मिला दीं। छोटू मेवाती नाम के युवक ने उसे जाल में फंसा रखा था। छोटू राहुल नाम बता कर किशोरी के परिचय में आया था। नींद की गोलियां भी आरोपित ने अपने दोस्त से भिजवाई थीं।
किशोरी भगाने के आरोपी छोटू मेवाती पर पहले से हैं दो मुकदमे
किशोरी के परिजनों और भाजपा युवा मोर्चा के पदाधिकारियों का आरोप है कि छोटू मेवाती ने साजिशन दूसरे समाज की लड़की को जाल में फंसाया। वह राहुल नाम से मिला था। छोटू के खिलाफ शाहगंज थाने में पहले से दो मुकदमे दर्ज हैं। इलाके में हाल ही में इस तरह की यह चौथी घटना है।
घटना की जानकारी पर भाजपा युवा मोर्चा के पदाधिकारी थाने पर पहुंचे। घटना को लव जेहाद से जोड़ा। पुलिस ने किशोरी को बरामद कर लिया है।
किशोरी के पिता सराफा व्यापारी हैं। रविवार को वह शाहगंज थाने पहुंचे। पुलिस को बताया कि सुबह आंख खुली तो 17 वर्षीय बेटी लापता थी। घर के दरवाजे खुले थे। जेवरात और पांच हजार कैश गायब था। रात को बेटी ने चाय बनाई थी। उसे पीने के बाद वे लोग गहरी नींद में सो गए। घर में पालतू श्वान है। उसे भी खाने में नींद की गोलियां दी गई थीं। रात एक बजे घर में लगे सीसीटीवी कैमरे बंद हो गए थे। छानबीन में उन्हें पता चला है कि बेटी को छोटू मेवाती उर्फ राहुल ने जाल में फंसा रखा है। एक युवक बेटी को दवा का पत्ता देने आया था। वह छोटू मेवाती का दोस्त है। भाजपा नेता गौरव रजावत कार्यकर्ताओं के साथ शाहगंज थाने पहुंचे।