-
जौनपुर आगमन पर सपा कार्यकर्ताओं ने पूर्व मंत्री का किया भव्य स्वागत
-
बोले- नफरत फैलाने वाले भाजपा नेताओं के खिलाफ दर्ज हो मुकदमा


जौनपुर। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव और पूर्व मंत्री मौलाना जावेद आब्दी ने पश्चिम बंगाल के चुनावी नतीजों और वहां के घटनाक्रम को लेकर भाजपा पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि बंगाल की जीत लोकतंत्र और संविधान का अपहरण कर जनादेश की लूट है। जिस तरह से वहां वोटो की हेराफेरी कर ममता बनर्जी को हराया गया, उसे पूरे देश ने देखा है। सपा नेता ने स्पष्ट किया कि उत्तर प्रदेश में भाजपा के ऐसे मंसूबों को कभी कामयाब नहीं होने दिया जाएगा।


नगर के बारादुअरिया स्थित जिला सचिव मीर अफरोज हुसैनी के आवास पर पत्रकारों से रूबरू होते हुए जावेद आब्दी ने नवनिर्वाचित मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी के बयानों पर कड़ी आपत्ति जताई। उन्होंने कहा, “जीत के नशे में चूर होकर मुसलमानों को टारगेट करना और बंगाल को ‘गाजा’ बनाने की बात करना भारतीय लोकतंत्र के लिए बेहद घातक है। ऐसे नफरती बयान देने वालों के खिलाफ देश भर में मुकदमे दर्ज कर कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए।” उन्होंने आगे कहा कि यह देश गांधी की विचारधारा से चलता है, गोडसे की नहीं।
2027 में दो तिहाई बहुमत से बनेगी सपा सरकार
पूर्व मंत्री ने दावा किया कि उत्तर प्रदेश की जनता अब बदलाव चाहती है। योगी सरकार में अराजकता, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार का बोलबाला है। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव के नेतृत्व में ‘पीडीए’ (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) की रणनीति रंग लाएगी और 2027 में सपा दो तिहाई बहुमत से सरकार बनाएगी। तमिलनाडु में डीएमके और कांग्रेस के बीच आए मतभेदों पर उन्होंने कहा कि इंडिया गठबंधन के नेता बैठकर सभी मसले हल कर लेंगे। उन्होंने भरोसा दिलाया कि आगामी विधानसभा चुनाव में सपा और कांग्रेस का गठबंधन अटूट रहेगा।
कार्यकर्ताओं ने किया जोरदार स्वागत
इससे पूर्व, मौलाना जावेद आब्दी के जौनपुर पहुंचने पर सपा के जिला महासचिव आरिफ हबीब के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया। जिलाध्यक्ष राकेश मौर्य और अन्य पदाधिकारियों ने उन्हें अंगवस्त्रम, स्मृति चिन्ह और बुके भेंट कर उनका अभिनंदन किया।
इस अवसर पर मुख्य रूप से जिला सचिव अफरोज हुसैनी, गुलाब यादव रीठी, जिला कार्यकारिणी सदस्य अली मंजर डेजी, आरिफ हबीब सहित भारी संख्या में सपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।
Author: fastblitz24


