Fastblitz 24

जौनपुर में परिवहन विभाग की बड़ी कार्रवाई: 10 बसों का चालान, 3 बसें सीज

एआरटीओ प्रवर्तन सत्येंद्र कुमार सिंह के नेतृत्व में बुधवार रात चला सघन चेकिंग अभियान

  • बिना नंबर प्लेट और प्रेशर हॉर्न का इस्तेमाल करने वाली करीब 50 बसों की हुई जांच

 ब्यूरो, जौनपुर।

परिवहन विभाग ने यातायात नियमों की धज्जियां उड़ाने वाले वाहन चालकों और अवैध रूप से सड़कों पर दौड़ रही अनाधिकृत (डग्गामार) बसों के खिलाफ सख्त रुख अख्तियार कर लिया है। विभाग द्वारा चलाए गए विशेष प्रवर्तन अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए जहां 10 बसों का चालान काटा गया, वहीं गंभीर अनियमितताएं पाए जाने पर 3 बसों को सीज कर संबंधित थानों के हवाले कर दिया गया। इस औचक कार्रवाई से बस संचालकों में हड़कंप मच गया है।

रात भर सड़कों पर जांच, 50 बसों को रोका

​प्राप्त विवरण के अनुसार, एआरटीओ (प्रवर्तन) सत्येंद्र कुमार सिंह के नेतृत्व में यात्री व मालकर अधिकारी प्रमोद कुमार के साथ बुधवार की रात जनपद के विभिन्न प्रमुख मार्गों पर सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान अधिकारियों की टीम ने रूट पर चल रही करीब 50 बसों को रोककर उनके दस्तावेजों और वाहन की स्थिति को परखा।

बिना नंबर प्लेट व प्रेशर हॉर्न पर एक्शन

​जांच के दौरान टीम को कई चौंकाने वाली कमियां मिलीं। कई बसें बिना नंबर प्लेट के संचालित हो रही थीं, तो कई में प्रतिबंधित प्रेशर हॉर्न धड़ल्ले से बजाए जा रहे थे। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाली ऐसी 10 बसों का मौके पर ही चालान किया गया। वहीं, गंभीर रूप से नियमों की अनदेखी करने वाली तीन बसों को तत्काल प्रभाव से सीज करने की कार्रवाई की गई।

नियम तोड़े तो होगी सख्त कार्रवाई: एआरटीओ

मामले की जानकारी देते हुए एआरटीओ (प्रवर्तन) सत्येंद्र कुमार सिंह ने बताया कि सड़क सुरक्षा और आम जनता के हितों को सर्वोपरि रखते हुए यह कदम उठाया गया है। उन्होंने सभी वाहन संचालकों को सख्त चेतावनी दी है कि यातायात नियमों की अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। आने वाले दिनों में भी यह अभियान इसी तरह लगातार जारी रहेगा।

fastblitz24
Author: fastblitz24

Spread the love

यह भी पढ़ें

टॉप स्टोरीज