जौनपुर :थाना बक्शा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले एक गाँव में दो पड़ोसी परिवारों के बीच भैंस बांधने को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद देखते ही देखते एक खूनी झड़प में बदल गया. इस हिंसक मारपीट में गंभीर रूप से घायल एक व्यक्ति की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि चार अन्य लोग घायल हो गए हैं. घटना के बाद से पूरे गाँव में तनाव का माहौल बना हुआ है, जिसे देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है.
आगे पढ़िए

प्राप्त जानकारी के अनुसार, बीते सायंकाल दोनों पड़ोसी परिवारों के बीच भैंस बांधने की बात पर विवाद शुरू हुआ था. पहले दोनों पक्षों में मामूली कहासुनी हुई, लेकिन देखते ही देखते मामला इतना बढ़ गया कि दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और लाठी-डंडे चलने लगे. इस मारपीट में एक पक्ष के व्यक्ति को सिर और शरीर पर गंभीर चोटें आईं. घटना के तुरंत बाद घायल को अस्पताल भेजा गया, जहाँ इलाज के दौरान डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. वहीं, अन्य चार घायलों का उपचार जिला अस्पताल में चल रहा है.
घटना की सूचना मिलते ही थाना बक्शा पुलिस तुरंत मौके पर पहुँची और स्थिति को नियंत्रण में लिया. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की कानूनी जांच शुरू कर दी है. मृतक के परिजनों से प्राप्त तहरीर (शिकायत) के आधार पर सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर लिया गया है.


पुलिस बाइट
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, कुंवर अनुपम सिंह ने मामले की जानकारी देते हुए बताया: “भैंस बांधने को लेकर दो पड़ोसी परिवारों में विवाद और मारपीट की घटना सामने आई थी, जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इस मामले में अब तक चार अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है। अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगातार प्रयास कर रही हैं। गाँव में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है। स्थिति फिलहाल पूरी तरह नियंत्रण में है और दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।” पुलिस अधिकारियों के अनुसार, क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार निगरानी रखी जा रही है और आगे की विधिक कार्रवाई प्रचलित है.
Author: fastblitz24



