जौनपुर (लाइन बाजार): जनपद के लाइन बाजार थाना क्षेत्र अंतर्गत सीहीपुर हाईवे पर दबंगों के हौसले बुलंद हैं. यहाँ बीते बुधवार को बाइक सवार कुछ दबंग युवकों ने सरेराह एक दूसरी बाइक को टक्कर मारकर गिरा दिया और फिर उस पर सवार युवक के साथ बेरहमी से मारपीट की. इस पूरी घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जो क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है.
आगे पढ़िए

वायरल वीडियो के अनुसार, बुधवार के दिन एक बाइक पर सवार होकर दो युवक सीहीपुर हाईवे के पास से गुजर रहे थे. इसी दौरान दूसरी दिशा से आ रही एक बाइक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी, जिससे दोनों युवक बाइक सहित सड़क पर गिर पड़े. टक्कर लगते ही दूसरी बाइक पर सवार करीब दो से तीन की संख्या में आए दबंगों ने अचानक उन पर हमला बोल दिया.
प्रत्यक्षदर्शियों और वीडियो के मुताबिक, जब दबंग युवक पर लात-घूंसों से वार कर रहे थे, तो पीड़ित युवक किसी तरह अपनी जान बचाकर वहाँ से भागने लगा. उसे भागता देख दबंगों ने बीच सड़क पर उसे दौड़ा-दौड़ाकर पीटा. गनीमत यह रही कि उस समय हाईवे से कोई भारी वाहन नहीं गुजर रहा था, अन्यथा कोई बड़ा हादसा हो सकता था. बीच सड़क पर दबंगों की यह करतूत बेहद जानलेवा साबित हो सकती थी.सरेराह हुई इस मारपीट की वजह का अभी तक खुलासा नहीं हो पाया है. स्थानीय पुलिस ने सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो का संज्ञान ले लिया है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है और जल्द ही वीडियो के आधार पर बाइक सवार दबंगों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.


Author: fastblitz24



