जौनपुर (सिकरारा): उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा राज्य के शिक्षकों को ‘कैशलेस चिकित्सा सुविधा’ प्रदान करने के ऐतिहासिक निर्णय का शिक्षक समाज ने पुरजोर स्वागत किया है. उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के जिला अध्यक्ष एवं प्रांतीय संयुक्त महामंत्री अमित सिंह के नेतृत्व में शिक्षकों के एक प्रतिनिधिमंडल ने राज्यसभा सांसद सीमा द्विवेदी से गोनापार में शिष्टाचार मुलाकात की. इस दौरान शिक्षकों ने सांसद को गुलदस्ता और धन्यवाद पत्र भेंट कर सरकार के इस कदम के प्रति अपना आभार व्यक्त किया.
आगे पढ़िए

शिक्षकों का आभार स्वीकार करते हुए राज्यसभा सांसद सीमा द्विवेदी ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार राष्ट्र निर्माता शिक्षकों के कल्याण और सम्मान के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है. उन्होंने कहा: “मुख्यमंत्री जी ने वर्ष 2022 के संकल्प पत्र में किया अपना वादा पूरा करते हुए यह ऐतिहासिक सौगात दी है। इस योजना से शिक्षकों और उनके आश्रित परिवारों को आपातकालीन स्वास्थ्य परिस्थितियों में बहुत बड़ा संबल और राहत मिलेगी।”
शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष अमित सिंह ने इस निर्णय को क्रांतिकारी बताते हुए कहा कि योगी सरकार का यह कदम शिक्षकों के लिए स्वास्थ्य सुरक्षा की एक मजबूत गारंटी है. इसके लिए समस्त शिक्षक समाज मुख्यमंत्री जी का हृदय से आभार प्रकट करता है.इस शिष्टाचार मुलाकात और धन्यवाद कार्यक्रम के अवसर पर भाजपा के वरिष्ठ नेता सुधाकर उपाध्याय, भाजपा जिलामंत्री डॉ. देवी प्रकाश सिंह, वरिष्ठ उपाध्यक्ष राजीव सिंह लोहिया और गौरव सिंह सहित शिक्षक संघ के अन्य प्रमुख पदाधिकारी व गणमान्य लोग उपस्थित रहे.


Author: fastblitz24



