प्रयागराज: जौनपुर जिले की रहने वाली एक 19 वर्षीय छात्रा का प्रयागराज के धूमनगंज थाना क्षेत्र स्थित एक किराए के कमरे में बुधवार को फंदे से लटकता हुआ शव बरामद किया गया है. छात्रा की पहचान सृजन राय (19 वर्ष) के रूप में हुई है, जो यहाँ रहकर बीकॉम प्रथम वर्ष की पढ़ाई कर रही थी. इस दुखद घटना से मृतका के परिवार में कोहराम मचा हुआ है.
आगे पढ़िए

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मूल रूप से जौनपुर जिले के गौराबादशाहपुर थाना क्षेत्र के पचेवरा गांव की निवासी सृजन राय प्रयागराज के केपी कॉलेज से बीकॉम प्रथम वर्ष की पढ़ाई कर रही थी. उसके पिता चेन्नई की एक निजी कंपनी में कार्यरत हैं. परिजनों ने बताया कि सृजन दो दिन पहले ही अपने गांव से प्रयागराज लौटी थी.
मंगलवार की रात जब परिजनों ने उसे फोन किया, तो काफी देर तक उसने फोन रिसीव नहीं किया. लगातार प्रयास के बाद भी जब कोई जवाब नहीं मिला, तो अनहोनी की आशंका से घबराए परिवार वालों ने मकान मालिक से संपर्क किया और सृजन से बात कराने का अनुरोध किया. मकान मालिक जब उसके कमरे पर पहुंचे और अंदर झांककर देखा, तो सृजन फंदे से लटकी हुई थी. मकान मालिक ने तत्काल इसकी सूचना स्थानीय पुलिस को दी.घटना की सूचना मिलते ही धूमनगंज थाना पुलिस मौके पर पहुँची और मामले की गंभीरता को देखते हुए फोरेंसिक टीम को भी बुला लिया गया. फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर कमरे से विभिन्न साक्ष्य एकत्र किए हैं.


“प्रारंभिक जांच के दौरान कमरे से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है, जिसके कारण आत्महत्या की स्पष्ट वजह अभी सामने नहीं आ सकी है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।”परिजनों का कहना है कि सृजन सामान्य रूप से अपनी पढ़ाई कर रही थी और घर से लौटते वक्त भी सब कुछ ठीक था, इसलिए वे भी इस आत्मघाती कदम की कोई वजह नहीं बता पा रहे हैं. छात्रा की इस तरह संदिग्ध परिस्थितियों में मौत होना क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है. पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि यह हत्या है या आत्महत्या. फिलहाल मामले की गहन जांच की जा रही है.
Author: fastblitz24



