Fastblitz 24

युवक पर जानलेवा हमला, माँ-बेटी समेत तीन गिरफ्तार

जौनपुर: गौराबादशाहपुर थाना क्षेत्र के कबीरुद्दीनपुर गाँव में एक युवक पर धारदार हथियार से किए गए जानलेवा हमले के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के भीतर तीन आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस टीम ने मुख्य अभियुक्तों को उनके घर से और एक अन्य को गाँव के बाहर से दबोचा।

थानाध्यक्ष फूलचंद पांडेय के नेतृत्व में गठित टीम ने इस गंभीर वारदात का खुलासा किया। जानकारी के अनुसार, कबीरुद्दीनपुर गाँव निवासी अजय गौतम (32) पर शुक्रवार रात करीब 8:30 बजे जानलेवा हमला हुआ था। अजय जब अपने घर पर था, तभी गाँव के ही सूरज नामक युवक ने उसे फोन कर बाहर बुलाया। आरोप है कि कुछ दूरी पर सड़क किनारे पहले से घात लगाए बैठे सूरज, आकाश और उनके घर की दो महिलाएँ – शशिकला और अंजली – ने पुरानी रंजिश के चलते अजय पर गाली-गलौज करते हुए धारदार हथियार से हमला कर दिया। इस हमले में अजय का गला बुरी तरह कट गया और वह लहूलुहान होकर मौके पर ही गिर पड़ा।

अजय की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुँचे और पुलिस को सूचना दी। डायल 112 की टीम ने गंभीर रूप से घायल अजय को तत्काल जिला अस्पताल पहुँचाया, जहाँ से डॉक्टरों ने उसे बेहतर इलाज के लिए बीएचयू ट्रॉमा सेंटर वाराणसी रेफर कर दिया।

घायल के पिता राम प्रसाद गौतम की तहरीर पर पुलिस ने आकाश, शशिकला और अंजली के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था।

पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर 24 मई को शशिकला पत्नी परविन्द उर्फ अमित और अंजली पुत्री परविन्द उर्फ अमित को उनके घर से गिरफ्तार किया। इसके बाद एक अन्य सूचना के आधार पर तीसरे अभियुक्त आकाश को स्टेट बैंक मोड़ के पास से गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में आकाश ने घटना में प्रयुक्त चाकू के बारे में जानकारी दी, जिसे बाद में पुलिस ने बरामद कर लिया।

गिरफ्तार टीम में थानाध्यक्ष फूलचंद पांडेय, उपनिरीक्षक अरुण कुमार राय, विनोद शंकर, हेड कांस्टेबल श्रीराम प्रसाद, विजय बहादुर, कांस्टेबल हरेन्द्र कुमार, महिला कांस्टेबल किरन लता और प्रिया सोनकर शामिल थीं। पुलिस ने तीनों अभियुक्तों को गिरफ्तार कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई की गाँव में सराहना की जा रही है। वहीं, घायल अजय की हालत नाजुक बताई जा रही है और उसका इलाज बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में जारी है।

fastblitz24
Author: fastblitz24

Spread the love

यह भी पढ़ें

टॉप स्टोरीज