ये

डीआईजी ने दिए गैंगस्टर की संपत्ति कुर्क करने के निर्देश

वाराणसी रेंज के डीआईजी की मैराथन बैठक
जौनपुर पुलिस को अल्टीमेटम— इनामी बदमाशों और गो-तस्करों पर कसें शिकंजा
चौकियां संभालें जनसुनवाई का मोर्चा
.जौनपुर.


वाराणसी परिक्षेत्र के पुलिस उपमहानिरीक्षक (डीआईजी) वैभव कृष्ण ने जनपद में अपराध नियंत्रण और कानून व्यवस्था को चुस्त-दुरुस्त करने के लिए कड़ा रुख अख्तियार कर लिया है। पुलिस लाइन सभागार में आयोजित एक उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक में डीआईजी ने दो टूक शब्दों में कहा कि क्षेत्र में भयमुक्त माहौल बनाना और अपराधियों की कमर तोड़ना पुलिस की पहली प्राथमिकता होनी चाहिए। इस बैठक में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी)कुँवर अनुपम सिंह,अपर पुलिस अधीक्षक नगर/ग्रामीण, समस्त क्षेत्राधिकारीगण, समस्त थाना प्रभारी, समस्त शाखा/कार्यालय प्रभारी मौजूद रहे।
अवैध कमाई पर चलेगा चाबुक, ‘ऑपरेशन कन्विक्शन’ में लाएं तेजी
डीआईजी ने चिन्हित माफियाओं और शातिर अपराधियों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि धारा-14(1) के तहत अपराधियों द्वारा अवैध रूप से कमाई गई संपत्ति की जब्ती की प्रक्रिया में तेजी लाई जाए। इसके साथ ही, गुंडा अधिनियम के तहत गुणात्मक कार्रवाई करने पर जोर दिया गया। कोर्ट में प्रभावी पैरवी के जरिए गंभीर मामलों और पॉक्सो (POCSO) एक्ट के अपराधियों को जल्द से जल्द अधिकतम सजा दिलाने के लिए ‘ऑपरेशन कन्विक्शन’ को और मजबूत करने का आदेश दिया गया।
एक-एक लाख के चार इनामी बदमाश राडार पर, विशेष टीमें गठित
बैठक में फरार और इनामी अपराधियों की धरपकड़ को लेकर विशेष रणनीति बनाई गई। थाना खेतासराय में वांछित तीन और थाना बक्शा में वांछित एक (सभी पर एक-एक लाख रुपये का इनाम) शातिर अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमों का गठन किया गया है। डीआईजी ने सख्त निर्देश दिए कि इन टीमों की प्रगति की रोजाना समीक्षा की जाएगी। इसके अलावा हत्या, लूट और बलात्कार जैसे गंभीर मामलों के फरार आरोपियों की तुरंत गिरफ्तारी और गायब नाबालिग बच्चों की बरामदगी के लिए पुलिस को पूरी ताकत झोंकने को कहा गया है।

दंगा रोधी उपकरणों की हुई भौतिक जांच
समीक्षा बैठक के बाद डीआईजी ने स्वयं सभी थानों के दंगा रोधी उपकरणों की भौतिक जांच की। उन्होंने आपातकालीन स्थितियों से निपटने के लिए उपकरणों के बेहतर रखरखाव और पुलिसकर्मियों को इसके त्वरित उपयोग के लिए हमेशा मुस्तैद रहने की हिदायत दी।
साइबर ठगों पर वार और पीड़ितों को राहत
महिला सुरक्षा के मद्देनजर ‘मिशन शक्ति’ केंद्रों को और अधिक प्रभावी बनाने तथा ITSSO पोर्टल पर लैंगिक अपराधों की नियमित मॉनिटरिंग के निर्देश दिए गए। वहीं साइबर अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए 1930 साइबर हेल्पलाइन का व्यापक प्रचार-प्रसार करने को कहा गया। डीआईजी ने निर्देश दिया कि NCRP पोर्टल के माध्यम से फ्रीज की गई पीड़ितों की गाढ़ी कमाई को बिना किसी देरी के उन्हें वापस दिलाया जाए।
चौकी स्तर पर सुनी जाएंगी जनता की फरियादें
जनता को न्याय के लिए भटकना न पड़े, इसके लिए आईजीआरएस (IGRS) और जनसुनवाई पोर्टल की शिकायतों का पारदर्शी निस्तारण करने का आदेश दिया गया। अब पुलिस चौकी स्तर पर भी नियमित सुनवाई होगी, ताकि स्थानीय स्तर पर ही समस्याओं का समाधान हो सके। इसके अलावा, गो-तस्करी के वित्तीय नेटवर्क को ध्वस्त करने, अवैध जुआ-सट्टा, शराब और मादक पदार्थों पर पूरी तरह रोक लगाने के निर्देश दिए गए। सड़क दुर्घटनाओं में मौतों के आंकड़े को शून्य पर लाने के लिए ‘Zero Fatality District’ योजना के तहत यातायात व्यवस्था में व्यापक सुधार करने की बात भी कही गई।
Author: fastblitz24



