जौनपुर। सिकरारा थाना क्षेत्र के कुरनी गांव में महिला ने पति समेत ससुराल के कुल आठ लोगों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न का मुकदमा दर्ज कराया है। इस मामजे को लेकर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच में जुट गई है। महिला अर्चना प्रजापति का मायका मछलीशहर कोतवाली क्षेत्र के मतरी गांव में है। महिला ने पुलिस को प्रार्थना पत्र देकर बताया कि उसकी शादी 8 मार्च 2022 को मिथलेश प्रजापति के शादी हिंदू रिती रिवाज के साथ हुई थी। महिला ने बताया कि उसके मायके वालों ने अपनी सामर्थ्य के अनुसार नकदी और घर.गृहस्थी का सामान दिया था।

शादी के बाद से ही पति और ससुराल के लोग दहेज की मांग को लेकर अर्चना को प्रताड़ित कर रहे थे। महिला का आरोप है कि ससुराल के लोग उसकी दो वर्ष की बच्ची को अक्सर अपशब्द कहते और मारते थे। पीड़िता ने जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया है। शिकायत मिलने के बाद थाना प्रभारी उदय प्रताप सिंह ने महिला की दी हुई तहरीर के आधार पर महिला के पति समेत ससुराल के आठ लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।


Author: fastblitz24



