विरोध करने पर पीड़ित महिलाओं को आईएएस बेटा–बेटी का रौब दिखाते देते रहे धमकी,
जौनपुर। सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के देवकली गांव में सरकारी नाले पर कब्जे को लेकर गुरुवार को जमकर हंगामा हुआ। आरोप है कि गन्ना विभाग के पूर्व जेई भानु प्रताप यादव ने घर की बाउंड्रीवाल के पास बने सरकारी नाले में जेसीबी से मिट्टी डालकर कब्जा करना शुरू कर दिया। विरोध करने पर पीड़ित महिलाओं को धमकी दी गई कि हमारा लड़का और लड़की आईएएस हैं, कोई हमारा कुछ नहीं बिगाड़ सकता।


देवकली गांव की पीड़ित महिला भानुमति देवी पत्नी स्वर्गीय फौजदार और अमरावती देवी पत्नी स्वर्गीय सूबेदार ने आरोप लगाया कि पूर्व जेई ने नाले की मिट्टी निकलवाकर अपने बाउंड्रीवाल के सहारे लगवा दी। इससे नाला टूट गया और खेतों की तरफ पानी का बहाव बढ़ने लगा। महिलाओं का कहना है कि नाले का पानी खेतों में जाने से उनकी फसल डूबने और बर्बाद होने की कगार पर है।
पीड़ित महिलाओं ने इसकी जानकारी सपा नेता अमित यादव को दी। सूचना पर सपा नेता स्थानीय ग्रामीणों के साथ मौके पर पहुंचे और कब्जा करने से मना किया। इस दौरान पूर्व जेई, ग्रामीणों और ग्राम प्रधान के बीच तीखी नोकझोंक हो गई। बताया जाता है कि पूर्व से ही जेई और ग्राम प्रधान महेश कुमार सोनकर के बीच नाले को लेकर तनाव चल रहा था।
हंगामा बढ़ता देख सपा नेता ने हस्तक्षेप कर किसी तरह माहौल शांत कराया। ग्राम प्रधान की मौजूदगी में जेसीबी से नाले पर डाली गई मिट्टी हटवाकर उसे बंधक बना दिया गया। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते नाला न बचाया जाता तो आधे गांव की फसलें बर्बाद हो जातीं। पीड़ित पक्ष ने प्रशासन से मांग की है कि सरकारी नाले पर कब्जे की कोशिश करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाए।


Author: fastblitz24



