Fastblitz 24

डीजे में मनपसंद गाना लगाने को लेकर मेले में जमकर मारपीट

 

जौनपुर। जिले के बरसठी थाना क्षेत्र के मियाचक हंसिया गांव में रविवार की रात लगे वार्षिक मेले में डीजे पर मनपसंद गाना लगाने को लेकर दो पक्षों के बीच जमकर बवाल हो गया। देखते ही देखते मामूली कहासुनी ने मारपीट का रूप ले लिया। मेला स्थल पर अफरातफरी मच गई और लोग इधर.उधर भागने लगे। सूचना मिलते ही बरसठी पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया।

रविवार की रात मियाचक हंसिया गांव में पारंपरिक मेले का आयोजन किया गया था। मेले में स्थानीय लोगों के साथ.साथ आसपास के गांवों से भी बड़ी संख्या में लोग झांकी कार्यक्रम देखने पहुंचे थे। कमेटी की ओर से झांकी की विशेष व्यवस्था की गई थी। देर रात जब झांकी का कार्यक्रम शुरू हुआ, तभी डीजे पर मनपसंद गाना लगाने को लेकर युवकों के दो समूहों में विवाद हो गया।

कहा.सुनी के बीच मामला इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों में लात घुसे चलने लगे। भीड़ इतनी ज्यादा थी कि शुरुआत में यह स्पष्ट ही नहीं हो पाया कि झगड़ा किनके बीच हुआ। कुछ ही देर में कई गांवों के युवक भी इसमें शामिल हो गए, जिससे माहौल पूरी तरह तनावपूर्ण बन गया।

मौके पर पहुंची पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद भीड़ को तितर.बितर किया और करीब 20 से अधिक लोगों को हिरासत में लेकर थाने ले आई। सभी के खिलाफ शांति भंग व अन्य धाराओं में विधिक कार्रवाई की जा रही है। बरसठी थानाध्यक्ष ने बताया कि स्थिति अब पूरी तरह नियंत्रण में है। मेले में आगे किसी भी तरह की अप्रिय घटना न हो। इसके लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।

fastblitz24
Author: fastblitz24

Spread the love

यह भी पढ़ें

टॉप स्टोरीज