ई-रिक्शा से उतरकर अचानक नदी की तरफ भागी लड़की
प्रत्यक्षदर्शी ने बचाने की कोशिश की, पर नाकाम रहा; मौका देखकर ई-रिक्शा चालक फरार
जौनपुर। शहर के ऐतिहासिक शाही पुल पर शुक्रवार दोपहर करीब 3:00 बजे उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब ई-रिक्शा से उतरी एक युवती ने अचानक गोमती नदी में छलांग लगा दी। घटना के बाद मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। गोताखोरों की मदद से नदी में युवती की तलाश की जा रही है, हालांकि खबर लिखे जाने तक उसका कोई सुराग नहीं मिल सका है।
चलते ई-रिक्शा से कूदी, फिर लगा दी छलांग
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोपहर करीब 3:00 बजे एक ई-रिक्शा ओलंदगंज से कोतवाली/400 की तरफ जा रहा था। ई-रिक्शा में सवारियों के साथ बुर्का पहने एक युवती भी बैठी थी। शाही पुल के बीच में पहुंचते ही युवती अचानक चलते ई-रिक्शा से नीचे कूद गई।
सड़क पर गिरने के तुरंत बाद वह संभली और एक झटके में उठकर पुल की दूसरी तरफ भागी। जब तक कोई कुछ समझ पाता, उसने रेलिंग फांदकर सीधे नदी में छलांग लगा दी।
बचाने का प्रयास रहा असफल
पुल पर मौजूद एक युवक ने युवती को रोकने और पकड़ने की कोशिश की, लेकिन वह उसमें सफल नहीं हो सका। हादसे के बाद पुल पर लोगों की भारी भीड़ एकत्र हो गई। सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और गोताखोर गोमती नदी में युवती की खोजबीन में जुट गए हैं।
ई-रिक्शा चालक मौका पाकर फरार
घटना के तुरंत बाद वह ई-रिक्शा चालक, जिससे युवती शाही पुल तक पहुंची थी, मौका देखकर वहां से खिसक गया। पुलिस अब ई-रिक्शा चालक का पता लगाने की कोशिश कर रही है, ताकि युवती की पहचान और वह कहां से बैठी थी, इसके बारे में सही जानकारी हासिल की जा सके। फिलहाल युवती की शिनाख्त नहीं हो पाई है।




